Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

सर गारफील्ड सोबर्स के निधन पर भावुक हुए विराट कोहली, बोले- क्रिकेट ने अपना महान सितारा खो दिया

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर सर गारफील्ड सोबर्स के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोबर्स को क्रिकेट इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। विराट कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "क्रिकेट ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है। सर गारफील्ड सोबर्स, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।"

सर गारफील्ड सोबर्स ने 1954 से 1974 के बीच वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 57.78 की औसत से 8,032 रन बनाए, जिसमें 26 शतक शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 235 विकेट भी लिए। सोबर्स अपनी शानदार बल्लेबाज़ी, बाएं हाथ की तेज और स्पिन गेंदबाज़ी की क्षमता और बेहतरीन फील्डिंग के लिए जाने जाते थे। उन्हें क्रिकेट इतिहास के सबसे महान ऑलराउंडरों में गिना जाता है।

साल 1958 में पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने नाबाद 365 रन की पारी खेली थी, जो उस समय टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर था। यह रिकॉर्ड 36 साल तक कायम रहा। इसके अलावा, 1968 में काउंटी क्रिकेट खेलते हुए उन्होंने एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले प्रथम श्रेणी क्रिकेटर बनने का रिकॉर्ड भी बनाया।

क्रिकेट में उनके शानदार योगदान के लिए 1975 में ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय ने उन्हें नाइटहुड (Sir) की उपाधि से सम्मानित किया। साल 2000 में उन्हें विजडन के '20वीं सदी के पांच महान क्रिकेटरों' में भी शामिल किया गया। उनके सम्मान में आईसीसी हर साल सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर को 'सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी' प्रदान करता है। सर गारफील्ड सोबर्स के निधन के बाद क्रिकेट जगत में शोक की लहर है और दुनिया भर के खिलाड़ी व प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।