Breaking News

पूर्व क्रिकेटर और सांसद हरभजन सिंह ने ठाणे के एक पंडाल में बप्पा के किए दर्शन

पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने गणेश उत्सव के दौरान ठाणे में किसान नगर-1 स्थित बाल गणेशोत्सव मंडल का दौरा किया और बप्पा का आशीर्वाद लिया। हरभजन के आने पर मंडल के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने ‘थान्याचा महाराजा’ के मंदिर में पूजा-अर्चना की।
वहां मौजूद कई श्रद्धालुओं ने हरभजन से बातचीत कर उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाई।

हरभजन भारत के प्रमुख क्रिकेटरों में से एक रहे हैं। उन्होंने देश के लिए टेस्ट और वनडे खेले। वे अपनी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी और बल्ले से उपयोगी योगदान के लिए जाने जाते थे। गणेश उत्सव के दौरान ठाणे के अलग-अलग गणेश मंडलों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। किसान नगर-1 मंडल शहर के प्रमुख गणेश मंडलों में शामिल है।