Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ममता बनर्जी ने SIR के विरोध में अपना धरना समाप्त किया     |   इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा     |   मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस और टीएमसी आए साथ     |   केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की     |   2026 तक 10.73 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो जाएगी तेल की खपत. सऊदी अरामको CEO का दावा     |  

Vijay Hazare Trophy: देवदत्त पडिक्कल और रविचंद्रन स्मरण का शानदार प्रदर्शन

देवदत्त पडीक्कल और रविचंद्रन स्मरण के मुश्किल पिच पर स्पिनरों का डटकर सामना करने के बाद बनाए गए अर्धशतकों की मदद से कर्नाटक ने बुधवार को यहां हरियाणा को छह विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया।

हरियाणा के 238 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक की शुरूआत अच्छी नहीं रही जिसमें कप्तान और उसके सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मयंक अग्रवाल पहले ही ओवर में आउट हो गए। लेकिन देवदत्त (86 रन, आठ चौके, एक छक्का) और स्मरण (76 रन, तीन चौके, तीन छक्के) ने तीसरे विकेट के लिए 128 रन की साझेदारी की जिससे कर्नाटक ने यह लक्ष्य 47.2 ओवर में पांच विकेट पर 238 रन बनाकर हासिल कर लिया।

अब चार बार की चैम्पियन कर्नाटक का सामना खिताब के लिए विदर्भ और महाराष्ट्र के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। अग्रवाल के आउट होने के बाद केवी अनीश (22 रन) ने पहला रन बनाने के लिए 14 गेंद का सामना किया और धीमी पिच पर सहज नहीं लगे। लेकिन क्वार्टरफाइनल में बड़ौदा के खिलाफ 102 रन बनाने वाले देवदत्त और 21 वर्ष के स्मरण ने संयम से खेलकर अपने अर्धशतक पूरे किए।

इससे पहले कर्नाटक के गेंदबाजों ने हरियाणा को बैकफुट में रखा जिसमें बायें हाथ के तेज गेंदबाज अभिलाश शेट्टी ने 34 रन देकर चार विकेट झटके जबकि लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल ने 36 रन देकर दो और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने 40 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

हिमांशु राणा (44 रन) और कप्तान अंकित कुमार (48 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद कोई साझेदारी नहीं बनी। बल्कि अंतिम विकेट के लिए अनुज ठकराल और अमित राणा की जोड़ी द्वारा बनाए 39 रन की बदौलत टीम नौ विकेट पर 237 रन का सममानजनक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही।