Breaking News

अमूल के बाद मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाए, कल से दो रुपये प्रति लीटर महंगा     |   रूस के विदेश मंत्री सर्गेइ लावरोव नई दिल्ली पहुंचे, कल ब्रिक्स समिट में लेंगे हिस्सा     |   केरल CM के नाम का कल होगा ऐलान: जयराम रमेश     |   अमूल ने दूध के दाम दो रुपये प्रति लीटर बढ़ाए     |   बागियों पर AIADMK का बड़ा एक्शन, 29 नेताओं को पद से हटाया     |  

IPL 2026: आरसीबी को केकेआर के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की दरकार, आज नवा रायपुर में होंगे आमने-सामने

IPL 2026: आईपीएल में 13 मई को नवा रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को और अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। दरअसल ये मुकाबला प्लेऑफ के लिहाज से काफी अहम है। आरसीबी फिलहाल 14 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है लेकिन हालिया प्रदर्शन के आधार पर देखें तो ये स्थिति कभी भी बदल सकती है। आरसीबी के लिए सबसे कमजोर पहलू ये है कि बल्लेबाजी को लेकर उसकी चिंता लगातार बनी हुई है। आरसीबी के बल्लेबाज सीजन की मजबूत शुरुआत के दौरान किए गए आक्रामक प्रदर्शन को दोहराने में नाकाम रही है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में ये कमियां उजागर हुईं, जब आरसीबी 167 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए संघर्ष करती नजर आई। क्रुणाल पांड्या के जुझारू अर्धशतक और भुवनेश्वर कुमार के आखिरी ओवरों में लगाए गए छक्के ने आरसीबी को तनावपूर्ण जीत दिलाई।

अगर नवा रायपुर की पिच पिछले मैच की तरह धीमी गति के गेंदबाजों को मदद करती है तो आरसीबी के बल्लेबाजों को केकेआर के शानदार फॉर्म में चल रहे गेंदबाजी आक्रमण के सामने एक और कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

केकेआर की गेंदबाजी ने उन्हें मुकाबले में बनाए रखा है, लेकिन भुवनेश्वर कुमार और जोश हेज़लवुड का सामना करना कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं होगा। केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे इस सीजन में अभी तक अपनी लय हासिल नहीं कर पाए हैं, लेकिन उप-कप्तान रिंकू सिंह, फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी और अनुकूल रॉय ने अच्छे रन बनाए हैं।

ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने भी धीमी शुरुआत के बाद फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं। इससे टूर्नामेंट के इस महत्वपूर्ण चरण में केकेआर के मध्य क्रम को संतुलन और स्थिरता मिली है।