Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ममता बनर्जी ने SIR के विरोध में अपना धरना समाप्त किया     |   इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा     |   मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस और टीएमसी आए साथ     |   केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की     |   2026 तक 10.73 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो जाएगी तेल की खपत. सऊदी अरामको CEO का दावा     |  

ICC CT 2025: पीसीबी को ‘हाइब्रिड मॉडल’ मंजूर नहीं, बैठक शनिवार तक स्थगित

आईसीसी यानी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के कार्यकारी बोर्ड की चैंपियंस ट्रॉफी के कार्यक्रम को लेकर बुलाई गई आपात बैठक में कोई सहमति नहीं बन पाई क्योंकि पाकिस्तान ‘हाइब्रिड मॉडल’ में इस प्रतियोगिता की मेजबानी नहीं करना चाहता है। बैठक शनिवार को फिर से होगी। 

बैठक कुछ देर ही चली क्योंकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने साफ किया कि भारतीय टीम को पाकिस्तान दौरे के लिए अपनी सरकार से मंजूरी नहीं मिलने के बावजूद उन्हें ‘हाइब्रिड मॉडल’ मंजूर नहीं है। हाइब्रिड मॉडल के मुताबिक भारतीय टीम प्रतियोगिता के अपने मैच किसी दूसरी जगह पर खेलती। 

आईसीसी के पूर्णकालिक सदस्य देश के अधिकारी और बोर्ड के सदस्य ने पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘कार्यकारी बोर्ड की आज संक्षिप्त बैठक हुई। सभी पक्ष 2025 में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के सकारात्मक समाधान के लिए काम कर रहे हैं। उम्मीद है कि बोर्ड शनिवार को फिर से बैठक करेगा और समाधान निकलने तक इसे जारी रखेगा।’’ 

नकवी ने बैठक में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लिया क्योंकि वे पाकिस्तान का पक्ष रखने के लिए गुरुवार से दुबई में डटे हुए हैं। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए। शाह एक दिसंबर को आईसीसी चेयरमैन का पद संभालेंगे।