Breaking News

जनगणना 2027 के प्रथम चरण के प्रश्नावली की अधिसूचना जारी     |   गृह मंत्री अमित शाह बोले- झारखंड में 1 करोड़ का इनामी नक्सली ​​पतिराम मांझी ढेर     |   PM नरेंद्र मोदी ने डोडा हादसे पर दुख जताया, ‘हमने अपने बहादुर जवानों को खो दिया’     |   प्रवर्तन निदेशालय (ED) के डायरेक्टर राहुल नवीन आधिकारिक दौरे पर कोलकाता पहुंचे     |   शिक्षा मंत्रालय ने IIT कानपुर स्टूडेंट्स सुसाइड मामलों की जांच के लिए कमेटी गठित की     |  

न्यूजीलैंड ने पहले महिला एकदिवसीय में भारत को 227 रन पर समेटा, अमेलिया ने झटके 4 विकेट

न्यूजीलैंड की केर बहनों अमेलिया और जेस ने मिलकर सात विकेट चटकाए जिससे भारत पहले महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में गुरुवार को यहां 227 रन पर सिमट गया। लेग स्पिनर अमेलिया ने 42 रन देकर चार जबकि तेज गेंदबाज जेस ने 49 रन देकर तीन विकेट चटकाए जिससे न्यूजीलैंड ने भारत को नियमित अंतराल पर झटके दिए। 

ऑफ स्पिनर ईडन कार्सन ने भी 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए। भारतीय बल्लेबाज अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नकाम रहीं। दीप्ति शर्मा (41), पदार्पण कर रही तेजल हसबनिस (42), शेफाली वर्मा (33), यस्तिका भाटिया (37) और जेमिमा रोड्रिग्स (35) ने अच्छी शुरुआत के बाद विकेट गंवाए। 

तेजल काफी निराश होंगी क्योंकि अमेलिया का शिकार बनने से पहले वो काफी अच्छी बल्लेबाजी कर रहीं थी। दाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने अमेलिया की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने का फैसला किया लेकिन चूक गईं और विकेटकीपर इसाबेला गेज ने उन्हें स्टंप कर दिया। 

भारत की ओर से एकमात्र मजबूत साझेदारी जेमिमा और तेजल के बीच रही जिन्होंने पांचवें विकेट के लिए 61 रन जोड़े। भारत की शुरुआत खराब रही। कप्तान स्मृति मंधाना तीसरे ओवर में ही पवेलियन लौट गईं। 

उन्होंने जेस की गेंद पर जॉर्जिया प्लिमर को आसान कैच थमाया। भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और कभी बड़ा स्कोर बनाने की स्थिति में नहीं दिखा।