Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ममता बनर्जी ने SIR के विरोध में अपना धरना समाप्त किया     |   इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा     |   मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस और टीएमसी आए साथ     |   केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की     |   2026 तक 10.73 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो जाएगी तेल की खपत. सऊदी अरामको CEO का दावा     |  

खुद की क्षमता पर संदेह करना आसान है, लेकिन मैं ऐसा नहीं करता: रोहित शर्मा

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि लंबे समय तक खराब दौर से गुजरने के बावजूद उन्होंने अपनी क्षमता पर कभी संदेह नहीं किया और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगाए गए अपने अर्धशतक को खुद के कौशल पर भरोसा दिखाने का परिणाम बताया। मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए रोहित ने 45 गेंद पर नाबाद 76 रन बनाए जिसमें चार चौके और छह छक्के शामिल हैंं। मुंबई इंडियंस ने उनकी इस शानदार पारी की मदद से ये मैच नौ विकेट से जीता। रोहित का आईपीएल के वर्तमान सत्र का ये पहला अर्धशतक है। इससे पहले वे पिछले मैचों में 0, 8. 13, 17, 18 और 26 रन ही बना पाए थे।

रोहित ने मैच के बाद कहा, ‘‘ लंबे समय तक रन नहीं बन पाने के बाद खुद की क्षमता पर संदेह करना और अलग तरीके अपनाना आसान होता है। मेरे लिए अच्छी तरह से अभ्यास करना और गेंद को अच्छी तरह से हिट करना महत्वपूर्ण था। जब आपकी मानसिकता स्पष्ट होती है तो फिर ऐसी चीजें हो सकती हैं।’’ रोहित ने कहा कि अगर आप खुद की क्षमता पर संदेह करने लग जाते हो तो फिर दबाव बढ़ सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘बड़ा स्कोर बनाए लंबा समय हो गया था लेकिन अगर आप खुद पर संदेह करने लग जाते हो तो इससे खुद पर दबाव बनाते हो। आप किस तरह से खेलना चाहते हो उसके बीच संतुलन स्थापित करना महत्वपूर्ण होता है। आज मैं गेंद को हिट करना चाहता था लेकिन कंट्रोल में रहना भी महत्वपूर्ण होता है।’’

रोहित ने कहा, ‘‘अगर गेंद मेरी पहुंच में है तो मैं उस पर उसी तरह का शॉट लगाने का प्रयास कर रहा था जैसा मैं हमेशा करता हूं। ऐसा निरंतर नहीं हो रहा था लेकिन मैंने कभी खुद पर संदेह नहीं किया।’’ रोहित ने अपनी काफी क्रिकेट वानखेड़े स्टेडियम में खेली है जिसके एक स्टैंड को उनके सम्मान में तैयार किया जा रहा है। ये बहुत बड़ा सम्मान है। जब मैं बच्चा था तो मैच देखने के लिए यहां आया करता था। किसी समय हमें यहां आने की इजाजत नहीं थी।" उन्होंने कहा, "मैं इस मैदान पर खेलते हुए बड़ा हुआ हूं, अब यह स्टैंड, बहुत बड़ा सम्मान है। मैं नहीं जानता कि जब यह तैयार होगा तो मेरी प्रतिक्रिया कैसी होगी।’’