Breaking News

दिल्ली–मेरठ एक्सप्रेस-वे समेत चार रास्तों पर भारी वाहनों की स्पीड लिमिट घटाकर 40KM प्रति घंटा की गई     |   लालू प्रसाद यादव की आंखों में दिक्कत, इलाज के लिए दिल्ली आ रहे     |   नीतीश कैबिनेट की बैठक कल, कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर लग सकती है मोहर     |   दिल्ली में प्रदूषण की वजह से 5वीं तक की ऑफलाइन क्लास सस्पेंड     |   जम्मू-कश्मीर: उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू, इलाके की घेराबंदी     |  

'दोष सभी का है और इसकी शुरुआत मुझसे होती है', द. अफ्रीका से शर्मनाक हार के बाद बोले गौतम गंभीर

IND vs SA Test Series: आलोचनाओं से घिरे भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बुधवार को कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में मिली करारी हार के बाद उनके भविष्य पर फैसला भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को करना है लेकिन इसके साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि उनके कार्यकाल में टीम ने कितनी सफलता हासिल की है।

गंभीर बुधवार को यहां दूसरे टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 408 रन से मिली शर्मनाक हार के बाद बोल रहे थे, जिससे मेहमान टीम ने श्रृंखला 2-0 से अपने नाम कर ली। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा, ‘‘मेरे भविष्य का फैसला बीसीसीआई को करना है। लेकिन मैं वही व्यक्ति हूं जिसने इंग्लैंड में आपको अनुकूल परिणाम दिलाए और मैं चैंपियंस ट्रॉफी में भी कोच था।’’ उन्होंने चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की खिताबी जीत और इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ उसकी धरती पर 2-2 से ड्रॉ रही श्रृंखला का जिक्र किया।

गंभीर ने दक्षिण अफ्रीका से 0-2 से मिली हार के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ‘‘दोष सभी का है और इसकी शुरुआत मुझसे होती है। हमें बेहतर खेल दिखाना होगा। पहली पारी में एक समय हमारा स्कोर एक विकेट पर 95 रन था जो सात विकेट पर 122 रन हो गया। यह स्वीकार्य नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप किसी एक व्यक्ति या किसी खास शॉट को दोष नहीं दे सकते। दोष सबका है। मैंने कभी किसी एक व्यक्ति को दोष नहीं दिया और आगे भी ऐसा नहीं करूंगा।‘‘ गंभीर के नेतृत्व में भारत ने 18 टेस्ट मैचों में से 10 में हार का सामना किया है, जिसमें पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ और अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू मैदान पर मिली हार भी शामिल है।

गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की हार टेस्ट क्रिकेट में रनों के लिहाज से उसकी सबसे बड़ी हार है। उन्होंने कहा, ‘‘टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए आपको बेहद तेजतर्रार और प्रतिभाशाली क्रिकेटरों की ज़रूरत नहीं है। हमें सीमित कौशल वाले मजबूत मानसिकता वाले खिलाड़ियों की ज़रूरत है। वे अच्छे टेस्ट क्रिकेटर बनते है।’’