Breaking News

सिक्कम: नेशनल हाईवे 10 पर सिंगतम-रंगपो के बीच भूस्खलन, गंगटोक जाने वाली सड़क बंद     |   बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने पेंशन लाभार्थियों के खातों में ₹1,423.94 करोड़ भेजे     |   UP: ‘लंबे समय तक अयोध्या को नजरअंदाज किया गया’, बोले सीएम योगी आदित्यनाथ     |   इंग्लैंड से हार के बाद BCCI खिलाड़ियों-कोचिंग स्टाफ के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा     |   दिल की बीमारियों के बाद कैंसर बनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी जानलेवा बीमारी: WHO     |  

IPL 2025: धोनी की 43 साल की उम्र में फुर्ती देखकर मंत्रमुग्ध हो गए हेडन

महेंद्र सिंह धोनी ने 43 साल की उम्र होने के बावजूद रविवार को यहां खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में जिस तरह की फुर्ती दिखाकर मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव को स्टंप आउट किया उसे देखकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन मंत्रमुग्ध हो गए।

धोनी अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं। उन्होंने पांच साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स को पांच आईपीएल खिताब दिलाने के बाद वह अपनी इस टीम की तरफ से केवल एक खिलाड़ी के रूप में खेल रहे हैं। धोनी ने रविवार को एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया जब उन्होंने नूर अहमद की गेंद पर तुरंत गिल्लियांं उड़ा दी और सूर्यकुमार को वापस पवेलियन भेज दिया।

हेडन ने टी20 टाइम आउट पर कहा, ‘‘वह (धोनी) बहुत आक्रामक थे। उन्होंने गजब की फुर्ती दिखाई। मेरे कहने का मतलब है कि नूर अहमद लेग साइड में गेंदबाजी कर रहा था और ऐसे में स्टंपिंग करना बहुत मुश्किल होता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन तब उनकी स्टंपिंग बहुत शानदार थी। इतनी तेज टाइमिंग, शानदार हाथ, अच्छी दृष्टि। वह अब भी उसमें है।’’

नूर अहमद ने भी धोनी की प्रशंसा करते हुए कहा, ‘‘उनकी स्टंपिंग सबसे परे थी। स्टंप के पीछे माही भाई जैसे किसी व्यक्ति का होना बहुत अच्छा लगता है, यह मेरे लिए बहुत बड़ा फायदा है।’’ स्टार स्पोर्ट्स के अनुसार धोनी ने स्टंपिंग को महज 0.12 सेकेंड में अंजाम दिया।