Breaking News

इजरायली हमलों में 89 लोग मारे गए और 700 घायल: लेबनान     |   कुवैत का दावा- पॉवर स्टेशन, तेल टैंकर्स को ईरानी ड्रोन्स ने बनाया निशाना     |   अधीर रंजन चौधरी के काफिले की कार का हुआ एक्सीडेंट, ट्रक ने मारी टक्कर     |   नोएडा: गहरे गड्डे में भरे पानी में डूबने से एक स्टूडेंट की मौत     |   सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन पर ड्रोन हमला     |  

MI vs RR: 'गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी', राजस्थान रॉयल्स से हार के बाद बोले हार्दिक पांड्या

MI vs RR: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने कहा कि गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी। ये बात उन्होंने मंगलवार को गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के हाथों 27 रनों से मिली हार के बाद कही। आईपीएल के इस मैच को बारिश की वजह से छोटा करना पड़ा था। लगातार बारिश के कारण मैच शुरू होने में दो घंटे से ज्यादा की देरी हुई, जिसके बाद पांड्या ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई के गेंदबाजों ने 150 रन दिए।

मैच के बाद पांड्या ने कहा, "हमने (पावरप्ले में) वैसी गेंदें नहीं डालीं जैसी हमें डालनी चाहिए थीं। उन्होंने (आरआर के सलामी बल्लेबाजों ने) अच्छा खेला। गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी। एक गेंदबाजी समूह के तौर पर, हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।"

"मैं इस हार का ठीकरा बल्लेबाजी पर नहीं फोड़ूंगा। निश्चित रूप से गेंदबाजी यूनिट को ही जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी। बात हमेशा अच्छी गेंदें डालने की होती है। अगर हमने सही तरीके से गेंदबाजी की होती, तो हम मैच में बने रहते।"

मैन ऑफ़ द मैच यशस्वी जायसवाल (32 गेंदों पर 77 रन नाबाद) और युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी (14 गेंदों पर 39 रन) ने राजस्थान रॉयल्स की जीत की नींव रखते हुए, मात्र पांच ओवरों में ही पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़े। "उन्होंने (आरआर के सलामी बल्लेबाजों ने) भी जबरदस्त खेल दिखाया। उनके ओपनर्स ने हमें हमारे खेल से भटका दिया और हम बस उनके पीछे-पीछे भागते रहे।"

सूर्यवंशी के बारे में पांड्या ने कहा, "किसी 17 या 16 साल के लड़के (असल में 15 साल का) को एसे खेलते देखना काफी दिलचस्प है। जिस तरह से वो बल्लेबाजी करता है, जिस बेखौफ अंदाज में वो खेलता है, वो देखना कमाल का है। मैं उसके भविष्य के लिए उसे शुभकामनाएं देता हूं।" अपने अगले मैच के बारे में पांड्या ने कहा, "बस अपनी गलतियों से सीखो। कल सुबह होगी, सूरज निकलेगा, अगले मैच के लिए अच्छी तैयारी करो।"

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा कि जायसवाल-सूर्यवंशी की जोड़ी इस टूर्नामेंट की नंबर एक ओपनिंग जोड़ी है। उन्होंने कहा, "सबसे पहली बात। उम्र उसके पक्ष में है। वैभव जबरदस्त है। ये केवल एकतरफा मेहनत नहीं है। जायसवाल पिछले 3-4 सालों से ऐसा कर रहा है। उसमें जो हुनर ​​है, साथ ही उनकी समझदारी - वो इस समय सबसे बेहतरीन है।" "हमारे पास एक मजबूत और युवा टीम है। उम्मीद है कि हम इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करते रहेंगे।"

टीम में नई गेंद के गेंदबाजों के बारे में पराग ने कहा, "जोफ्रा का संदेश है कि मैदान पर जाओ और जितनी तेज गेंदबाजी कर सकते हो, करो। कोई ऐसा (जैसे वो और बर्गर) जो 140-145 से ज्यादा की रफ्तार से गेंदबाजी करता हो और जिसका अपनी गेंद पर पूरा नियंत्रण हो - वो तो कमाल का है।" जायसवाल ने बताया कि जब वे दोनों मैदान के बीच में साथ थे, तो वे लगातार सूर्यवंशी को सकारात्मक संदेश देते रहे।

"जिस तरह से वो (सूर्यवंशी) खेल रहा है, वो जबरदस्त है। उसे देखकर मैं भी प्रोत्साहित होता हूं। हम इस बारे में बात करते रहते हैं कि हम कैसे आगे बढ़ सकते हैं और मैं उसे लगातार सकारात्मक संदेश देता रहता हूं कि वो खुलकर खेले। वो कमाल का खिलाड़ी है, खेल को अच्छी तरह समझता है और खुद से भी चीजें करने के काबिल है।"

दोनों की बेहद आक्रामक बल्लेबाजी के बारे में बात करते हुए उसने कहा, "मेरे दिमाग में एक बात थी, क्योंकि ये मात्र तीन ओवर का पावरप्ले था, इसलिए मैं सोच रहा था कि मैं किस पर अटैक कर सकता हूं। डीसी (दीपक चाहर) भाई गेंदबाजी कर रहे थे, इसलिए मैंने सोचा कि मैं उन पर अटैक कर सकता हूं।" "फिर बुमराह भाई गेंदबाजी करने वाले थे, इसलिए मैं सोच रहा था कि वैभव उन पर अटैक कर सकता है, और फिर मैं किसी और पर अटैक कर सकता हूं।"

हर फॉर्मेट में खेलने के बारे में जायसवाल ने कहा, "मैं हर बार अपना बेस्ट देने की कोशिश करता हूं। मैं ये पक्का करता हूं कि मैं अलग-अलग तरह के शॉट्स सीखूं, और ये जानूं कि किस विकेट पर कौन से शॉट्स इस्तेमाल करने हैं। जब मैं अच्छी तैयारी करता हूं, तो इससे मुझे मदद मिलती है।"

"मैं बस स्थिति को समझने की कोशिश कर रहा हूं और ये सोच रहा हूं कि मैं टीम के लिए क्या कर सकता हूं। अगर मुझे पता है कि इस चीज की जरूरत है और इन शॉट्स की जरूरत है, तो मैं उन्हें जरूर खेलूंगा।"