Breaking News

सीबीआई ने आज सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जय अनमोल अंबानी से पूछताछ की     |   स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में 22 भारतीय जहाज खड़े हैं, ईरान से बातचीत जारी: MEA     |   मस्कट में मारे गए 2 भारतीयों के पार्थिव शरीर लाने पर काम कर रहा दूतावास: MEA     |   ईरान ने UAE स्थित अमेरिकी मिसाइल लॉन्च साइटों पर हमला करने की धमकी दी     |   WB: 'टीएमसी वाले ना काम करेंगे और ना ही करने देंगे', कोलकाता में बोले पीएम मोदी     |  

नमन पुरस्कार समारोह में टी20 विश्व कप विजेता टीम को सम्मानित करेगा बीसीसीआई

T20 World Cup 2026: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) रविवार को होने वाले अपने वार्षिक नमन पुरस्कार समारोह के दौरान टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रचने वाली सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को सम्मानित करेगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने शनिवार को घोषणा की कि बीसीसीआई नमन पुरस्कार 2026 का मुख्य आकर्षण हाल के समय में आईसीसी खिताब जीतने वाली सभी पांच भारतीय टीमों को सम्मानित करना होगा।

गौतम गंभीर की कोचिंग वाली टीम आठ मार्च को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीन बार टी20 विश्व कप जीतने ओर खिताब का बचाव करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई। यही नहीं वे घरेलू मैदान पर टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है। इस समारोह में उन अन्य भारतीय टीमों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने हाल के दिनों में आईसीसी ट्रॉफी जीती हैं।

इनमें 2025 में वनडे विश्व कप जीतने वाली सीनियर महिला टीम, 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली पुरुष टीम, 2026 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली टीम और 2025 में अंडर-19 टी20 विश्व कप जीतने वाली महिला टीम शामिल हैं। बीसीसीआई ने इसके साथ ही कुछ व्यक्तिगत पुरस्कारों की भी आधिकारिक तौर पर पुष्टि की, जिनके बारे में इस सप्ताह की शुरुआत में पहले ही पता चल गया था।

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को 2024-25 सत्र के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (पुरुष) का पॉली उमरीगर पुरस्कार मिलेगा, जबकि स्मृति मंधाना को अपने करियर में पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर (महिला) के रूप में सम्मानित किया जाएगा। पूर्व दिग्गज रोजर बिन्नी और राहुल द्रविड़ को बोर्ड का सर्वोच्च सम्मान कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जबकि पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को बीसीसीआई का महिला लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार मिलेगा।

बिन्नी भारत की 1983 क्रिकेट विश्व कप विजेता टीम के सदस्य और टूर्नामेंट में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने बाद में कोच, चयनकर्ता और 2022 से 2025 तक बीसीसीआई अध्यक्ष के रूप में खेल की सेवा की। द्रविड़ के नाम पर 24,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय रन दर्ज हैं। भारत के महानतम बल्लेबाजों में शामिल द्रविड़ ने भारतीय टीम के मुख्य कोच की भूमिका भी निभाई। उनके कोच रहते हुए भारत ने 2024 में टी20 विश्व कप जीता था।

पुरस्कार पाने वाले अन्य खिलाड़ियों में इरा जाधव को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (घरेलू) के लिए जगमोहन डालमिया ट्रॉफी दी जाएगी, जबकि शेफाली वर्मा को सीनियर घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के रूप में सम्मानित किया जाएगा। आयुष म्हात्रे को घरेलू सीमित ओवरों की प्रतियोगिताओं में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ पुरस्कार मिलेगा। विदर्भ के हर्ष दुबे को रणजी ट्रॉफी में सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर का पुरस्कार दिया जाएगा।

मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को बीसीसीआई के घरेलू टूर्नामेंटों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली राज्य एसोसिएशन का पुरस्कार मिलेगा। उसकी टीम ने इस सत्र में चार खिताब जीते और वे दो प्रतियोगिताओं में उपविजेता रही।