Breaking News

आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी, पहले मैच में RCB से भिड़ेगी SRH     |   स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लोकसभा में ध्वनिमत से गिरा     |   गृहमंत्री के संबोधन पर लोकसभा में हंगामा, विपक्ष ने लगाए नारे- अमित शाह माफी मांगो     |   जब बोलने का मौका होता है तब राहुल गांधी विदेश में होते हैं: लोकसभा में बोले अमित शाह     |   स्पीकर ओम बिरला को विपक्ष मर्यादा न सिखाए: लोकसभा में बोले अमित शाह     |  

ICC T20 Rankings: अभिषेक और किशन बल्लेबाजी में पहले दो स्थान पर, वरुण गेंदबाजी में शीर्ष से खिसके

ICC T20 Rankings: अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से क्रिकेट प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करने वाले ईशान किशन ने टी20 विश्व कप में अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर बुधवार को जारी की गई खेल के छोटे प्रारूप की आईसीसी रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। वे शीर्ष पर काबिज अभिषेक शर्मा से केवल चार अंक पीछे हैं।

टी20 विश्व कप के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ अर्धशतक लगाने वाले अभिषेक दुनिया के पहले नंबर के बल्लेबाज बने हुए हैं। उनके साथी बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन टूर्नामेंट में 317 रन बनाने के बाद दो पायदान ऊपर दूसरे स्थान पर आ गए हैं। अब वे अभिषेक के सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी बन गए हैं। 871 अंकों के साथ ईशान ने अपने करियर की नई सर्वोच्च रेटिंग हासिल की और अब वे अभिषेक (875 अंक) से सिर्फ चार रेटिंग अंक पीछे हैं।

गेंदबाजों की रैंकिंग में हालांकि बदलाव आया है। टी20 विश्व कप में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पहले स्थान से हट गए हैं और उनकी जगह अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान दुनिया के नंबर एक गेंदबाज बन गए हैं।

चक्रवर्ती के 740 रेटिंग अंक है और वे राशिद के बाद दूसरे स्थान पर हैं, जिनकी टीम अफगानिस्तान ग्रुप चरण में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। राशिद के खाते में 753 रेटिंग अंक हैं। इसके बावजूद वह चक्रवर्ती की जगह पहला स्थान हासिल करने में सफल रहे।