Breaking News

सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद ममता बनर्जी ने SIR के विरोध में अपना धरना समाप्त किया     |   इंडिगो एयरलाइन के सीईओ पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा     |   मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने के लिए कांग्रेस और टीएमसी आए साथ     |   केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद तेल रिफाइनरियों ने एलपीजी उत्पादन में 10 प्रतिशत की वृद्धि की     |   2026 तक 10.73 करोड़ बैरल प्रतिदिन हो जाएगी तेल की खपत. सऊदी अरामको CEO का दावा     |  

IPL 2025: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा रिकॉर्ड, दिल जीते, प्ले-ऑफ में पहुंचने की RR की उम्मीदें जिंदा

चौदह साल के वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल और टी-20 में फिफ्टी और सेंचुरी लगाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं।गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 35 गेंद पर शतक लगाया। ये आईपीएल में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सबसे कम गेंद पर बनाया शतक है। सूर्यवंशी ने 38 गेंद पर 11 छक्कों और सात चौकों की मदद से 101 रन बनाए।

वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार शतकीय पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को आठ विकेट से हरा दिया। सोमवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले गए आईपीएल के 47वें मैच में गुजरात ने शुभमन गिल और जोस बटलर के अर्धशतकों की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट खोकर 209 रन बनाए। जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने 15 ओवर और पांच गेंद में दो विकेट खोकर 212 रन बनाया और मैच अपने नाम कर लिया। 

वैभव की उम्र महज 14 साल 32 दिन है। उन्होंने यूसुफ पठान का 15 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। युसुफ पठान ने 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंद पर शतक लगाया था। अब तक वे इस टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय थे। अब वैभव आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 30 गेंद पर शतक लगाया था। 

जीटी ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 210 रन का लक्ष्य रखा था। वैभव और यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान को तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी करके जीत सुनिश्चित कर दी। ये आरआर के लिए किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।

वैभव की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 210 रन का लक्ष्य 16 वें ओवर में ही हासिल कर लिया। इस जीत के बाद आरआर की प्लेऑफ की उम्मीद कायम है। टीम की 10 मैच में ये तीसरी जीत है और तालिका में अब छह अंक हो गए हैं। जीटी को 9 मैच में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है।