Stock Market: वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी रही। अमेरिका-ईरान के बीच जियोपॉलिटिकल तनाव कम होने से भी बाजार में रौनक रही ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब दो फीसदी गिरकर 81.45 डॉलर प्रति बैरल हो गई जिससे महंगाई की चिंता कम हुई और मार्केट का मूड बेहतर हुआ।
अमेरिका और ईरान रविवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने पर सहमत हो गए जिससे दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्ग के जरिए तेल और नेचुरल गैस की सप्लाई फिर से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया। इस कदम से सप्लाई से जुड़ी चिंताएं कम होने और ग्लोबल एनर्जी मार्केट को राहत मिलने की उम्मीद है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के शुद्ध खरीदार बनने से भी कारोबारी धारणा को मजबूती मिली। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती आने से निवेशकों का भरोसा और बढ़ा, जिससे मार्केट की मौजूदा रैली जारी रही। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 544 अंक चढ़कर 76,808 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी करीब 135 अंक चढ़कर 23,989 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज में सबसे ज्यादा बढ़त देखी गई जबकि इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, अल्ट्राटेक सीमेंट, मारुति सुजुकी, टाटा स्टील और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में गिरावट रही।
सेक्टर के हिसाब से रियल्टी, आईटी, एफएमसीजी, पावर, एनर्जी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑयल एंड गैस शेयरों ने मार्केट की तेजी को आगे बढ़ाया जबकि मेटल, ऑटो, पब्लिक सेक्टर बैंक और हेल्थकेयर सेक्टर के शेयरों में सुस्ती रही। एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त के साथ जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।
इस बीच मंगलवार को यूरोपीय बाजारों में तेजी देखी गई। सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। सोमवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की इक्विटी खरीदी।