Share Market: इक्विटी बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को तेजी से उछाल आया। पिछले कारोबारी सत्र की भारी गिरावट से उबरकर वे बढ़त के साथ बंद हुए। यह तेजी बैंकिंग और धातु शेयरों में मजबूत खरीदारी की वजह से आई। भारत के पैक्स सिलिका पहल में शामिल होने और अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद के बीच निवेशकों की भावना में भी सुधार हुआ।
30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 316 अंक चढ़कर 82,814 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी लगभग 117 अंक बढ़कर 25,571 पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एनटीपीसी, लार्सन एंड टूब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फाइनेंस और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन सबसे ज्यादा चढ़े। जबकि क्वालिटी वॉल्स इंडिया लिमिटेड, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, इटरनल लिमिटेड और HCL टेक के शेयर सबसे ज्यादा लुढ़के।
क्षेत्रीय मोर्चे पर आईटी और मीडिया को छोड़कर, बाकी सभी सूचकांक मजबूत रहे। इनकी अगुवाई पावर, पूंजीगत सामान, धातुएं, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक, उपभोक्ता टिकाऊ सामान और वित्तीय सेवाओं के काउंटरों ने की।
एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई और हॉन्गकॉन्ग का हैंग सेंग गिरावट के साथ, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त के साथ बंद हुआ।
वहीं चीन में छुट्टी की वजह से शेयर बाजार बंद रहे। यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशक गुरुवार को शुद्ध विक्रेता रहे और उन्होंने 880 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।