Breaking News

लखनऊ स्नातक MLC चुनाव में सपा की उम्मीदवार कांति सिंह ने दर्ज कराई जीत     |   NEET प्रोटेस्ट के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल पर SC में सुनवाई आज     |   सऊदी अरब में हमलों का खतरा, अमेरिका ने अपने कर्मचारियों को देश छोड़ने का दिया आदेश     |   गोवा के वास्को में भीषण आग, कार एक्सेसरीज की दुकान जलकर खाक, मौके पर पहुंचे CM     |   दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश, मौसम विभाग का येलो अलर्ट     |  

Karwa Chauth 2026: आज देशभर में करवा चौथ की धूम, पति की लंबी उम्र के लिए महिलाएं रखेंगी, जानें चांद निकलने का समय

देशभर में आज 29 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व मनाया जा रहा है। हिंदू धर्म में इस त्योहार का विशेष महत्व है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाएं सुबह सरगी खाने के बाद पूरे दिन बिना कुछ खाए-पिए व्रत रखती हैं और रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलती हैं।

करवा चौथ के दिन महिलाएं सुबह से ही त्योहार की तैयारियों में जुट जाती हैं। इस अवसर पर महिलाएं सोलह श्रृंगार करती हैं, नए कपड़े पहनती हैं और हाथों में मेहंदी लगाती हैं। कई जगहों पर महिलाएं एक साथ एकत्र होकर करवा चौथ की कथा सुनती हैं और पूजा-अर्चना करती हैं। शाम के समय भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश और करवा माता की पूजा की जाती है।

चंद्रमा को अर्घ्य देकर खोलती हैं व्रत

करवा चौथ के व्रत में चंद्रमा के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है। महिलाएं शाम को पूजा करने के बाद चंद्रमा निकलने का इंतजार करती हैं। चंद्रमा दिखाई देने पर महिलाएं छलनी से चंद्रमा और फिर अपने पति का चेहरा देखती हैं। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलती हैं। हालांकि, चंद्रमा निकलने का समय अलग-अलग शहरों में अलग हो सकता है।

करवा चौथ 2026 पूजा का शुभ मुहूर्त

करवा चौथ पर पूजा के लिए शुभ मुहूर्त का ध्यान रखा जाता है. दिल्ली-एनसीआर के लिए पूजा का समय इस प्रकार बताया जा रहा है:

करवा चौथ की तारीख: 29 अक्टूबर 2026, गुरुवार
चतुर्थी तिथि शुरू: 29 अक्टूबर की रात करीब 1:06 बजे
चतुर्थी तिथि समाप्त : 29 अक्टूबर की रात करीब 10:09 बजे
पूजा का शुभ मुहूर्त : शाम करीब 5:38 बजे से 6:56 बजे तक
दिल्ली में चंद्रोदय: रात करीब 8:17 बजे
गुरुग्राम में चंद्रोदयः रात करीब 8:18 बजे

करवा चौथ पूजा सामग्री की लिस्ट

करवा चौथ की पूजा के लिए महिलाएं पहले से ही थाली तैयार कर लेती हैं. पूजा में आमतौर पर इन चीजों की जरूरत होती है: करवा या मिट्टी का पात्र, जल से भरा लोटा, पूजा की थाली, छलनी, दीपक, घी, रुई, रोली, कुमकुम, अक्षत, हल्दी, फूल, मिठाई, फल, धूप-अगरबत्ती और भगवान शिव, माता पार्वती तथा भगवान गणेश की तस्वीर या प्रतिमा. इसके अलावा परिवार की परंपरा के अनुसार पूजा में इस्तेमाल होने वाली दूसरी सामग्री भी रखी जा सकती है.

करवा चौथ का धार्मिक महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, करवा चौथ का व्रत पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन महिलाएं अपने परिवार की सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली की प्रार्थना करती हैं। समय के साथ इस त्योहार में कई नए रंग भी जुड़ गए हैं। अब कई जगहों पर पति भी अपनी पत्नी के साथ व्रत रखते हैं और इस पर्व को आपसी प्रेम और साथ निभाने के उत्सव के रूप में मनाते हैं।

करवा चौथ के मौके पर बाजारों में भी रौनक देखने को मिलती है। पूजा की थालियों, करवा, छलनी, कपड़ों, चूड़ियों, मेहंदी और मिठाइयों की खरीदारी की जाती है। घरों में विशेष पकवान बनाए जाते हैं और परिवार के सदस्य मिलकर त्योहार की खुशियां मनाते हैं। इस तरह करवा चौथ केवल एक धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और एक-दूसरे के प्रति सम्मान को मजबूत करने का अवसर भी है।