भारत में 15 अगस्त का दिन सिर्फ एक तारीख नहीं बल्कि स्वतंत्रता और बलिदान का प्रतीक है. यह वह दिन है जब देश ने ब्रिटिश हुकूमत की लंबी गुलामी से आजादी पाई थी. 2025 में हम अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं. इस खास दिन का इतिहास हमें उन अनगिनत वीरों के संघर्ष, बलिदान और देशभक्ति की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आजादी दिलाई. यह अवसर केवल झंडा फहराने और भाषण देने का नहीं, बल्कि देश के प्रति गर्व और जिम्मेदारी महसूस करने का है. भारत 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्र हुआ. आजादी से पहले भारत लगभग 200 साल तक ब्रिटिश शासन के अधीन था. इस आजादी के पीछे कई दशकों का संघर्ष, आंदोलन और बलिदान छुपा है. 1857 की क्रांति से लेकर महात्मा गांधी के नेतृत्व में चले असहयोग आंदोलन, नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन तक, हर कदम ने स्वतंत्रता की राह बनाई.
15 अगस्त 1947 को पंडित जवाहरलाल नेहरू ने दिल्ली के लाल किले पर तिरंगा फहराया और ऐतिहासिक भाषण दिया. इस दिन पाकिस्तान अलग देश बना. तब से हर साल 15 अगस्त को देशभर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, परेड होती है और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं. इस साल 2025 में स्वतंत्रता दिवस और भी खास है, क्योंकि यह हमें सिर्फ इतिहास की याद ही नहीं दिलाता, बल्कि भविष्य के लिए देश को और मजबूत बनाने की प्रेरणा देता है. यह अवसर हमें एकता, भाईचारा और विकास की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है. स्वतंत्रता दिवस सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि यह हमारी आजादी की कीमत समझने और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का दिन है. 15 अगस्त का इतिहास हर भारतीय के दिल में गर्व और सम्मान की भावना भर देता है.
15 अगस्त, 1947 को भारत को अंग्रेजी हुकूमत से आजादी मिली थी, लेकिन पहले भारत को 30 जून, 1948 को आजादी मिलने वाली थी, लेकिन अचानक उस समय परिस्थितियां कुछ इस तरह बदल गई कि वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन ने भारत को स्वतंत्र करने की तारीख 15 अगस्त, 1947 घोषित कर दी. हालांकि, यह फैसला राजनीतिक कारणों के साथ वर्ल्ड वार 2, ब्रिटिश साम्राज्य की गिरती ताकत और लॉर्ड माउंटबेटन की रणनीति के मद्देनजर लिया गया था. वर्ल्ड वार 2 ने ब्रिटेन को आर्थिक रूप से कमजोर बना दिया था. वहीं, युद्ध समाप्त होने के बाद संसाधनों की कमी और देश में अंग्रेजों के खिलाफ बढ़ते विद्रोह और आजादी की मांग ने ब्रिटिशर्स को यह सोचने पर मजबूर कर दिया था कि भारत पर अब उनका शासन करना संभव नहीं रह गया है. इसके बाद अंग्रेजों द्वारा यह फैसला लिया गया कि भारत को 30 जून, 1948 तक आजाद किया जाएगा.
उस समय भारत में आखिरी वायसराय बनकर लॉर्ड माउंटबेटन आए थे. जब उन्होंने देश की हालत देखी, तब उन्होंने निर्णय लिया कि भारत को जल्द से जल्द आजादी दी जाए. इसी के साथ माउंटबेटन ने 3 जून 1947 को 'माउंटबेटन प्लान' घोषित किया और 15 अगस्त 1947 की तारीख आजादी के रूप में घोषित की. माउंटबेटन ने 15 अगस्त का तारीख इसलिए चुना, क्योंकि दूसरे विश्व युद्ध में जापान ने 15 अगस्त, 1945 को ही आत्मसमर्पण किया था. इस तारीख को चुनकर वो यह संदेश देना चाहते थे कि सत्ता हस्तांतरण उनके नियंत्रण में था.