Breaking News

कोलकाता हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 4 हुई     |   कोलकाता हादसा: CM शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे     |   कर्नाटक में 1 जुलाई से लागू होगी वीबीजी राम जी योजना     |   कोलकाता: गोदाम की छत गिरने से 8 लोग घायल, SSKM अस्पताल में भर्ती     |   पेजेश्कियान का PM मोदी को न्योता, खामेनेई के अंतिम विदाई कार्यक्रम में आने का निमंत्रण     |  

वायरल वीडियो विवाद: BJP और कांग्रेस ने पंजाब CM भगवंत मान के इस्तीफे की मांग की

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित वीडियो विवाद को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की है। विवाद उस कथित वीडियो को लेकर है, जिसमें सिख गुरुओं की तस्वीरों के अपमान का आरोप लगाया गया था।बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जब श्री अकाल तख्त साहिब ने उन्हें इस मामले में तलब किया था, तब उन्होंने वीडियो को फर्जी और एआई से तैयार बताया था। चुघ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सत्ता के नशे में हैं और उन्होंने अकाल तख्त की मर्यादा को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान के पास अब मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

वहीं, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी भगवंत मान के इस्तीफे और सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के अधिकारियों ने गुरुग्राम के एक होटल में बैठक कर अपने एजेंडे के मुताबिक रिपोर्ट तैयार करवाई। वड़िंग ने कहा कि इससे अकाल तख्त द्वारा भगवंत मान को "गुरु दोखी" कहे जाने के फैसले को बल मिलता है।

इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने कथित तौर पर फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार की थी, जिसके आधार पर वायरल वीडियो को नकली बताया गया। गुरुग्राम के एसीपी (क्राइम) नवीन शर्मा के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों की पहचान अंकित और अरुण के रूप में हुई है। अंकित कथित तौर पर एनआईए के साथ कॉन्ट्रैक्ट पर साइबर एक्सपर्ट के रूप में काम कर चुका है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया है कि उन्हें यह काम करने के लिए 10 लाख रुपये दिए गए थे और इसमें पड़ोसी राज्य (पंजाब) के कुछ अधिकारियों की भी भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की फॉरेंसिक जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान लगातार यह दावा कर रहे हैं कि वायरल वीडियो पूरी तरह फर्जी है और इसे गलत तरीके से फैलाया गया है।फिलहाल मामले की जांच जारी है और राजनीतिक दलों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच यह मुद्दा पंजाब की राजनीति में बड़ा विवाद बन गया है।