Breaking News

स्वाति मालीवाल बीजेपी में शामिल, केजरीवाल पर लगाए आरोप     |   स्वाती मालिवाल ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का किया ऐलान     |   जेलेंस्की ने कहा- रूसी हमलों के चलते यूक्रेन में 30 से ज्यादा लोग घायल     |   उत्तराखंड बोर्ड: 10वीं-12वीं के नतीजे घोषित     |   बंगाल विधानसभा चुनाव: राहुल गांधी आज कोलकाता और श्रीरामपुर में कर सकते हैं रैली     |  

कोहली और देवदत्त का धमाल, आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराया

IPL 2026: देवदत्त पडिक्कल ने 55 रन और विराट कोहली ने 81 रन की बेहतरीन पारियां खेलीं जो साई सुदर्शन के शतक पर भारी पड़ गईं जिससे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शुक्रवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हरा दिया।

पडीक्कल और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी से आरसीबी लक्ष्य हासिल करने के करीब पहुंच गई। टीम ने अंत में 18.5 ओवर में 206 रन का लक्ष्य पूरा कर लिया और 10 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। जैकब बेथेल के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडीक्कल ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। उनका अंदाज पहली पारी में उनके प्रतिद्वंद्वियों द्वारा संभलकर रन बनाने के तरीके से बिल्कुल अलग था।

कोहली ने जब खाता भी नहीं खेाला था तब मोहम्मद सिराज की गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर ने उनका कैच छोड़ दिया था। कोहली ने पिच के उछाल को बखूबी भांपते हुए प्रसिद्ध कृष्णा और कगिसो रबाडा का आसानी से सामना किया। कोहली ने चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दबदबा बनाया और 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी ओर पडीक्कल भी उतने ही शानदार लय में थे। उन्होंने कर्नाटक के अपने साथी खिलाड़ी प्रसिद्ध की गेंदों पर दो छक्के जड़े और राशिद की गेंद पर भी एक छक्का लगाया। उन्होंने अपने सीनियर खिलाड़ी (कोहली) से 10 गेंदें कम खेलकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

देवदत्त को राशिद खान ने एक बेहतरीन गेंद पर आउट किया तो कोहली को जेसन होल्डर की एक उछाल भरी गेंद ने बोल्ड किया। इससे टीम थोड़ी मुश्किल में पड़ गई क्योंकि उन्होंने कप्तान रजत पाटीदार और जितेश शर्मा के विकेट भी गंवा दिए जिससे उनका स्कोर 173 रन पर पांच विकेट हो गया। लेकिन कृणाल पांड्या (नाबाद 23 रन, 12 गेंद) और टिम डेविड (नाबाद 10 रन) ने वहां से टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।

इस तरह आरसीबी ने अपने घरेलू मैदान पर खेले गए पांच मैचों में चौथी जीत दर्ज की। इससे पहले सुदर्शन ने 100 रन की शानदार पारी खेली जिसकी बदौलत गुजरात टाइटन्स ने तीन विकेट पर 205 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया। गुजरात टाइटंस की पारी के 12.4 ओवर टी20 बल्लेबाजी के बिल्कुल उलट थे जिसमें पूर्व चैंपियन टीम ने यह साबित कर दिया कि इस प्रारूप में बिना आक्रामकता के भी रन बनाए जा सकते हैं।

सुदर्शन ने आईपीएल में अपने तीसरे शतक के लिए 58 गेंद की पारी में 11 चौके और पांच छक्के लगाए। उनकी पारी टीम के लिए मजबूत नींव साबित हुई। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने अपने सलामी जोड़ीदार और कप्तान शुभमन गिल (32 रन, 24 गेंद) के साथ 128 रन की साझेदारी में शुरू से ही पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा सुदर्शन ने पावरप्ले के दौरान 29 जबकि गिल ने सिर्फ सात गेंदें खेली थीं। तमिलनाडु के 24 साल के इस बल्लेबाज ने पावरप्ले में 46 रन बनाए और फिर 33 गेंदों में बड़े ही शानदार अंदाज में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसके लिए उन्होंने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर एक जोरदार छक्का जड़ा।

वह अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए। अगले पचास रन उन्होंने और भी तेज गति से बनाए जिसके लिए उन्होंने सिर्फ 24 गेंद लीं। इस दौरान उन्होंने आरसीबी के स्पिन जोड़ी कृणाल पांड्या और सुयश शर्मा को पूरी तरह से बेअसर कर दिया। कुणाल ने सुदर्शन को शांत रखने के लिए अपनी खास बाउंसर गेंद का इस्तेमाल किया, लेकिन यह बल्लेबाज भी पूरी तरह से तैयार था।

उसने गेंद को ‘अपर कट’ करते हुए छक्के के लिए बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। इसके बाद उन्होंने इसी गेंदबाज की गेंद पर एक चौका और स्वीप शॉट से एक छक्का जड़ा। जिसके बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को गेंदबाजी के लिए दूसरे विकल्पों के बारे में सोचना पड़ा। गिल के आउट होने से मैच की दिशा में कोई खास बदलाव नहीं आया क्योंकि सुदर्शन ने लगातार रन बटोरना जारी रखा।

सुयश ने 91 रन के स्कोर पर अपनी ही गेंद पर कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया था। सुदर्शन ने सुयश की गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया, लेकिन वे इसे आगे नहीं बढ़ा पाए और जोश हेजलवुड को एक आसान सा कैच थमा बैठे। उनके आउट होने से आरसीबी को डेथ ओवर्स में थोड़ी वापसी करने में मदद मिली। 17वें ओवर गुजरात टाइटंस का स्कोर दो विकेट पर 174 रन था। लेकिन टीम 31 रन ही बना पाई। ये रन भी टीम के लिए पदार्पण करने वाले खिलाड़ी जेसन होल्डर की छोटी सी तेज पारी (नाबाद 23 रन, 10 गेंद) की बदौलत ही बन पाए।