Breaking News

उत्तराखंड: विधि-विधान के साथ आज खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट     |   बंगाल विधानसभा चुनाव: पहले चरण में आज 152 सीटों पर मतदान जारी     |   ट्रंप के शासनकाल में अवैध प्रवेश की तुलना में लीगल इमीग्रेशन में आई गिरावट     |   भारत के साथ जल्द सबमरीन डील साइन कर सकता जर्मनी: रक्षा मंत्री     |   ट्रंप जब चाहेंगे, तब खत्म होगा ईरान संघर्ष: व्हाइट हाउस     |  

चेतेश्वर पुजारा ने की अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ, बोले- वह शतक को आसान बना देते हैं

IPL 2026: भारत के पूर्व क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा ने अभिषेक शर्मा की तारीफ करते हुए उन्हें एक खास प्रतिभा बताया है। सनराइजर्स हैदराबाद के सलामी बल्लेबाज के आईपीएल मैच में दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर अपनी टीम को आसान जीत दिलाने के बाद पुजारा ने उनकी तारीफ की। अभिषेक ने तूफानी पारी खेलते हुए 68 गेंद में नाबाद 135 रन बनाए जिससे सनराइजर्स ने दो विकेट पर 242 रन बनाए और फिर 47 रन से जीत दर्ज की। 

पुजारा ने कहा, ‘‘अभिषेक शर्मा ने शानदार पारी खेली और अपना दूसरा आईपीएल शतक (इस सत्र का पहला) बनाया। वह शतक बनाना बहुत आसान कर देते हैं।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘उनके रन सनराइजर्स के लिए बहुत अहम होते हैं क्योंकि अक्सर उन्हीं की वजह से टीम जीतती है। वह एक खास प्रतिभा हैं। जब वह इस तरह का प्रदर्शन करते हैं तो उनका स्तर हर किसी को साफ दिखाई देता है। बहुत कम बल्लेबाजों में अभिषेक शर्मा जैसी प्रतिभा और स्तर होता है।’’

दुनिया के नंबर एक टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज अभिषेक मंगलवार को पूरी लय में थे। उन्होंने इस एकतरफा मुकाबले में 10 छक्के और उतने ही चौके जड़े। अभिषेक का भाग्य ने भी साथ दिया जब 50 रन के निजी स्कोर पर विकेट के पीछे लोकेश राहुल ने उन्हें ‘जीवनदान’ दिया। 

भारत के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह के लिए यही मैच का ‘टर्निंग प्वाइंट’ (मैच का रुख बदलने वाला लम्हा) था। हरभजन ने कहा, ‘‘वह छूटा हुआ रन आउट मैच का सबसे अहम पल था। अगर अभिषेक शर्मा आउट हो गए होते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था।’’ हरभजन ने भारतीय गेंदबाजों को चेतावनी दी कि वे अपनी ‘लाइन और लेंथ’ को और बेहतर करें और अनुशासन बनाए रखें जिससे कि अधिक स्कोर वाले मुकाबलों में बल्लेबाज उनके खिलाफ अधिक रन नहीं बना पाएं।