Breaking News

वेस्ट एशिया संकट पर IGoM की चौथी बैठक, PM मोदी ने जोखिम कम करने के कदमों पर दिया जोर     |   अमेरिका के साथ अगले दौर की बातचीत की तारीख तय नहीं: ईरान     |   राहुल गांधी को बड़ी राहत: दोहरी नागरिकता मामले में FIR पर रोक, HC ने नोटिस देने को कहा     |   होर्मुज में ईरानी प्रतिबंध के बीच हुई गोलीबारी के बाद भारतीय टैंकरों ने रास्ता बदला     |   होर्मुज पार करने की कोशिश कर रहे दो जहाजों ने दी गोलीबारी की सूचना     |  

Char Dham Yatra: श्रद्धालुओं के ऑफलाइन पंजीकरण की शुरुआत, सरकार ने पर्याप्त गैस आपूर्ति का दिया भरोसा

Char Dham Yatra: उत्तराखंड में शुक्रवार को हरिद्वार और ऋषिकेश के साथ-साथ अन्य शहरों के केंद्रों पर चार धाम यात्रा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण शुरू हो गया। यह सालाना तीर्थयात्रा 19 अप्रैल से शुरू होने वाली है।

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की संभावित कमी की चिंताओं के बीच, उत्तराखंड सरकार ने भरोसा दिलाया है कि चार धाम यात्रा मार्ग पर गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

ऋषिकेश में पंजीकरण काउंटरों पर देशभर से आए श्रद्धालु दिखे। वे पंजीकरण से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। कई लोगों ने प्रशासन की तरफ से किए गए इंतजामों और उपलब्ध सुविधाओं की तारीफ की।

अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर कई काउंटर बनाए गए हैं। चार धाम यात्रा की शुरुआत अक्षय तृतीया के मौके पर उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिरों के कपाट खुलने के साथ होती है।

रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे। इसके बाद 23 अप्रैल को चमोली में बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।