Stock Market: पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्ध विराम से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार पर अच्छा असर पड़ा। जिससे शेयर बाजार सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब चार प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड 13.89 प्रतिशत गिरकर 94.09 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
इस बीच भारतीय रिजर्व बैंक ने पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न अनिश्चितता के मद्देनजर सतर्क रुख अपनाते हुए प्रमुख नीतिगत दरों में कोई बदलाव नहीं किया। मौद्रिक नीति समिति ने कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, कमजोर रुपये और व्यापार में दिक्कत से पैदा जोखिमों का हवाला देते हुए सर्वसम्मति से रेपो दर को 5.25 फीसदी पर अपरिवर्तित रखा।
लगातार पांचवें दिन तेजी दर्ज करते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 2,946 अंक बढ़कर 77,563 पर जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 873 अंक चढ़कर 23,997 पर बंद हुआ। सेंसेक्स पैक में इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड, लार्सन एंड टुब्रो, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, मारुति सुजुकी और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे ज्यादा मुनाफे में रहे, जबकि टेक महिंद्रा, सन फार्मा और पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन एकमात्र नुकसान उठाने वाले शेयर रहे।
क्षेत्रीय सूचकांकों में व्यापक खरीदारी देखी गई। रियल एस्टेट, ऑटो, बैंक, वित्तीय सेवाएं और उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के शेयरों में पांच प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। दक्षिण कोरिया के कोस्पी, जापान के निक्केई, चीन के शंघाई कंपोजिट और हॉन्गकॉन्ग के हैंग सेंग समेत सभी प्रमुख एशियाई बाजार बढ़त के साथ बंद हुए।
बुधवार को यूरोपीय बाजारों में काफी तेजी देखी गई। मंगलवार को अमेरिकी बाजार सपाट बंद हुए। मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 8,692 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर बेचे।