नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। DRI ने शुक्रवार को मस्कट से कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री को गिरफ्तार किया, जो मलप्पुरम जिले का रहने वाला है। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर DRI की कालीकट और कन्नूर रीजनल यूनिट की टीमों ने यात्री को रोका और उसके पास से कुल 2 पैकेट बरामद किए, जिनका वजन 1974 ग्राम था। इन पैकेट्स में क्रिस्टल मेथामफेटामाइन छिपाकर रखा गया था।
जांच में सामने आया कि इन नशीले पदार्थों को खाने के पैकेट्स के अंदर छिपाकर यात्री के चेक-इन बैगेज में रखा गया था। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 1.58 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है, ताकि इस तस्करी के स्रोत और इससे जुड़े बड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
इससे पहले 2 मार्च को भी DRI ने कालीकट एयरपोर्ट पर पलक्कड़ के एक व्यक्ति से 1.931 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन बरामद किया था।पिछले वित्त वर्ष के दौरान DRI की कोच्चि जोनल यूनिट ने केरल में हाइड्रोपोनिक वीड, मेथामफेटामाइन और कोकीन सहित कुल 70.76 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। इन मामलों में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। DRI की ये लगातार कार्रवाई ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान के तहत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।