Breaking News

जापान में 7.5 तीव्रता का भूकंप, अलर्ट जारी     |   जम्मू-कश्मीर: उधमपुर जिले के रामनगर बस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हुई     |   बेंगलुरु: पूर्व केंद्रीय मंत्री के. रहमान के पोते हकीब खान के घर ED का छापा     |   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 21 से 23 अप्रैल तक जर्मनी के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे     |   ईरान ने इजरायली जासूसी नेटवर्क में शामिल होने के आरोपी दो लोगों को फांसी दी     |  

हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरू मोड़ा गया

हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरू की ओर मोड़ दिया गया। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। रविवार को विमान के तीन घंटे तक हवा में रहने से यात्री घबरा गए और कुछ यात्री रोने लगे और अपनी सुरक्षा के लिए प्रार्थना करने लगे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हैदराबाद से रवाना हुई ये उड़ान शाम करीब साढ़े चार बजे हुबली पहुंचने वाली थी, लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वहां नहीं उतर सकी। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हैदराबाद से हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरू की ओर मोड़ दिया गया।’’

उन्होंने कहा कि इस प्रकार मार्ग परिवर्तित करना मानक सुरक्षा प्रक्रिया है। मौसम में सुधार की उम्मीद में विमान हुबली के ऊपर करीब एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा, जिसके बाद उसे बेंगलुरू भेज दिया गया। उन्होंने कहा, ‘‘ये सामान्य प्रक्रिया है। मौसम में सुधार का इंतजार करते हुए विमान कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाते हैं। ये पायलट का फैसला होता है।’’

विमान बाद में शाम करीब साढ़े छह बजे बेंगलुरू में उतरा और मौसम में सुधार होने के बाद रात करीब 11 बजे उसे फिर हुबली रवाना किया गया। विमान में 22 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने क्षेत्र में मौसम के कारण हुई इसी तरह की अन्य बाधाओं का भी जिक्र किया। मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक अन्य उड़ान को भी गोवा की ओर मोड़ना पड़ा। अधिकारी ने कहा, ‘‘सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोई समस्या नहीं है।’’