पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग का विमान स्वदेश के लिए उड़ान भरने वाला था। उसी समय भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की सूचना आ गई। ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी के पास ऑस्ट्रेलिया वापस जाने का विकल्प खुला था, फिर भी उन्होंने ऐसा न करने का फैसला किया। आखिरी समय में वे विमान से उतर गए। पोंटिंग दिल्ली में रुके। साथ ही उन्होंने सुनिश्चित किया कि पंजाब किंग्स के विदेशी खिलाड़ी शनिवार रात को राष्ट्रीय राजधानी से उड़ान भरें। विदेशी खिलाड़ी परमाणु हथियारों से लैस दो देशों के बीच संघर्ष से चिंतित थे।
पंजाब किंग्स के सीईओ सतीश मेनन ने पीटीआई वीडियो को बताया कि किस तरह विश्व कप विजेता टीम के कप्तान ने विदेशी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा, "यह पोंटिंग के चरित्र को दर्शाता है। सिर्फ वही ऐसा कर सकते थे।"
आठ मई को आईपीएल रद्द होने के बाद धर्मशाला से दिल्ली तक यात्रा करते हुए खिलाड़ी घबड़ाए हुए थे। विदेशी खिलाड़ियों में मार्कस स्टोइनिस, आरोन हार्डी, जोश इंगलिस और जेवियर बार्टलेट (सभी ऑस्ट्रेलिया से) शामिल थे। टीम के एक सूत्र ने कहा, "विदेशी खिलाड़ी इस हालात के लिए आदी नहीं हैं। इसलिए, उनका चिंतित होना स्वाभाविक था। स्टोइनिस के नेतृत्व में सभी जल्द से जल्द जाना चाहते थे, लेकिन पोंटिंग ने उन्हें संघर्ष विराम के बाद रुकने की सलाह दी, जो काबिल-ए-तारीफ है।"
दक्षिण अफ्रीका के मार्को जेनसन इस सीजन में पीबीकेएस की प्लेइंग इलेवन में नियमित खिलाड़ी हैं। वे भारत छोड़ने वाले इकलौते खिलाड़ी हैं और दुबई में हैं। आईपीएल के फिर से शुरू होने की घोषणा के साथ, पंजाब खुद को अच्छी स्थिति में पा रहा है।उसके ज्यादातर स्टार भारतीय और विदेशी खिलाड़ी देश में ही हैं और स्टैंडबाय पर हैं। पोंटिंग ने टीम को नर्वस स्थिति से बाहर निकाला है, जिसका सकारात्मक असर टीम के प्रदर्शन पर पड़ सकता है।
धर्मशाला में फंसी दूसरी टीम दिल्ली कैपिटल्स थी।पंजाब किंग्स ने 10 ओवर और एक गेंद पर एक विकेट खोकर 122 रन बनाए थे। उसी समय मैच रद्द करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मैच उसी स्थिति से फिर से शुरू होगा, लेकिन मैच के जगह और तारीख का फैसला अभी नहीं हुआ है।