मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को टैबलेट का सही इस्तेमाल करने की सीख देते हुए कहा कि इस डिवाइस पर केवल फीड स्क्रॉल करने के बजाय अपना भविष्य तैयार करें। टैबलेट युवाओं को डिजिटल एंटरप्रेन्योर बनने और नए अवसरों से जुड़ने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि युवा उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। इसी शक्ति के दम पर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बना है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। मंच से 20 छात्र-छात्राओं को अपने हाथों से डिवाइस दिए। योगी ने टैबलेट को युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताया।
पहले चरण में 60 लाख से ज्यादा युवाओं को मिले डिवाइस
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए। आईआईएम लखनऊ के अध्ययन के अनुसार, इस योजना से करीब तीन करोड़ लोगों को लाभ मिला और वे डिजिटल रूप से सक्षम हुए।
योजना के दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट बांटने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 1.49 लाख डिवाइस वितरित किए जा चुके हैं। 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर 53 हजार, 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल में 50 हजार से अधिक और 27 नवंबर को देवीपाटन मंडल में 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए।
युवाओं के सपनों से विकसित होगा यूपी
सीएम योगी ने युवाओं से कहा कि टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखें। जब युवा सकारात्मक सोच और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी नकारात्मक ताकतें कमजोर होंगी। युवाओं का भविष्य सुपरचार्ज होगा और 2047 का विकसित उत्तर प्रदेश तैयार होगा।
उन्होंने बताया कि 'युवा साथी ऐप' के माध्यम से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों, छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, सीएम युवा उद्यमी योजना और पीएम मुद्रा योजना की जानकारी एक क्लिक पर मिल सकती है।
वायरल कंटेंट पर भरोसा करने से पहले करें जांच
मुख्यमंत्री ने डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल को लेकर युवाओं को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट पर वायरल होने वाली हर सामग्री सही नहीं होती। किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले टैबलेट या अन्य डिवाइस के माध्यम से उसका फैक्ट चेक जरूर करें।
योगी ने एआई को उपयोगी और सशक्त बनाने वाला साधन बताया, लेकिन कहा कि इसे अपने दिमाग पर हावी नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन रोजाना 30 मिनट अपनी स्किल बढ़ाने के लिए जरूर निकालें। उनके अनुसार, स्किल ही वास्तविक जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले सभी युवा 'युवा साथी ऐप' के जरिए ऑनलाइन मतदाता बनें।
विकास के लिए समय, समर्पण और विजन जरूरी
विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल घोषणापत्र में बड़े-बड़े वादे करने या मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता। इसके लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन की जरूरत होती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में नकल, भू-माफिया, खनन, शराब और वन माफिया का प्रभाव था। पिछली सरकारों की उपलब्धि 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' तक सीमित थी। योगी ने कहा कि उस समय भर्ती विज्ञापन निकलते ही 'सैफई सिंडिकेट' वसूली में जुट जाता था।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, आज प्रदेश में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा' की स्थिति है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी गई। उन्होंने दावा किया कि यह संख्या सपा के चार और बसपा के तीन कार्यकालों में हुई भर्तियों से दोगुने से भी अधिक है।
कट्टा-बम से आगे बढ़कर यूपी में बन रही AK-203 और ब्रह्मोस
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों की सोच कट्टा और बम तक सीमित थी। उनकी सरकार ने अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर प्रदेश में दुनिया की बेहतरीन कलाश्निकोव AK-203 राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण का रास्ता तैयार किया।
उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल के इस्तेमाल से पाकिस्तान घबरा गया था। मुख्यमंत्री ने पूर्व सरकारों पर नोएडा को लेकर अंधविश्वास का आरोप भी लगाया और कहा कि आज नोएडा तथा यीडा निवेश के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। उनके अनुसार, देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं।
लखनऊ के HCL कैंपस में 100 से बढ़कर 18 हजार कर्मचारी
मुख्यमंत्री ने रोजगार और निवेश के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में लखनऊ के HCL कैंपस में केवल 100 कर्मचारी थे, जबकि आज वहां 18 हजार युवा काम कर रहे हैं। इनमें 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर होने से बेटियां रात दो बजे भी निडर होकर घर लौट सकती हैं।
योगी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। प्रत्येक जिले में सरदार पटेल स्किलिंग एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जा रहे हैं। जापान और जर्मनी जाने के इच्छुक युवाओं को सरकार के खर्च पर विदेशी भाषा का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 2047 को आजादी के शताब्दी महोत्सव के दौरान युवा ही विकसित उत्तर प्रदेश के असली सारथी होंगे।
36 हजार करोड़ रुपये से बदली देवीपाटन मंडल की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने देवीपाटन मंडल के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में गोंडा को सबसे गंदे शहरों में गिना जाता था। बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच भी आकांक्षी जिलों में शामिल थे। डबल इंजन सरकार ने मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
उन्होंने बताया कि गोंडा और बहराइच में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं। बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का काम तेजी से चल रहा है।
थारू म्यूजियम और श्रावस्ती एयरपोर्ट तैयार हैं। बाराबंकी-बहराइच फोरलेन, 7 हजार करोड़ रुपये की लागत वाला लखनऊ-बहराइच-रुपईडीहा फोरलेन, गोंडा-लखनऊ फोरलेन और जरवल रोड घाघरा पुल जैसे प्रोजेक्ट क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहे हैं।
इसके अलावा अयोध्या-बलरामपुर-श्रावस्ती और गोरखपुर-शामली-पानीपत इकोनॉमिक कॉरिडोर, रुपईडीहा लैंड पोर्ट, लॉजिस्टिक कॉरिडोर तथा कतर्नियाघाट और चित्तौरा झील के पर्यटन विकास से क्षेत्र को नई पहचान मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों से गोंडा से देवीपाटन पहुंचने में लगने वाला समय तीन घंटे से घटकर 45 मिनट रह गया है।
ढिबरी में पढ़ने वाले यूपी से डिजिटल इनोवेशन तक का सफर
कार्यक्रम में दिखाई गई लघु फिल्म के जरिए दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण का लक्ष्य प्रस्तुत किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि पहले विद्यार्थियों को ढिबरी की रोशनी में पढ़ना पड़ता था और भर्ती के लिए नकल माफिया को पैसे देने पड़ते थे। अब मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश डिजिटल इनोवेशन और आईटी के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। सांसद करण भूषण सिंह ने टैबलेट को ज्ञान की खिड़की बताते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही आगे चलकर प्रशासक, डॉक्टर, वैज्ञानिक और जनप्रतिनिधि बनेंगे।
20 विद्यार्थियों को मंच से सौंपे गए टैबलेट
मुख्यमंत्री ने गोंडा से प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस; बहराइच से मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम, कुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह को टैबलेट दिए।
श्रावस्ती से ऋद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह तथा बलरामपुर से अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी को भी मंच से डिवाइस सौंपे गए।
कार्यक्रम में सांसद आनंद कुमार गौड़, विधायक सुभाष त्रिपाठी, बावन सिंह, कैलाश नाथ शुक्ला, रमापति शास्त्री, सुरेश्वर सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, अनुपमा जायसवाल, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात कुमार वर्मा, प्रतीक भूषण सिंह, पलटूराम, अजय कुमार, सरोज सोनकर, रामनिवास वर्मा, राम प्रताप वर्मा, राम फेरन पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।