पॉपुलर कॉमेडी फिल्म ‘Bhagam Bhag' के सीक्वल को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘Bhagam Bhag 2’ की तैयारी चल रही है, जिसने फैंस के बीच नॉस्टैल्जिया जगा दिया है। हालांकि, इस बार फिल्म की कास्ट को लेकर सामने आई खबरों ने दर्शकों को निराश भी किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के ओरिजिनल स्टार्स अक्षय कुमार और परेश रावल तो सीक्वल में नजर आ सकते हैं, लेकिन गोविंदा की जगह अभिनेता मनोज बाजपेयी को कास्ट किए जाने की चर्चा है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की नाराजगी देखने को मिल रही है।
कई फैंस का कहना है कि गोविंदा के बिना ‘Bhagam Bhag 2’ अधूरी लगेगी, क्योंकि उनकी कॉमिक टाइमिंग इस फिल्म की जान थी। रेडिट समेत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग खुलकर अपनी राय रख रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, “गोविंदा के बिना कैसे चलेगी यार। मनोज बाजपेयी ने तो शायद जापान भी देख लिया होगा।”
वहीं एक अन्य यूजर ने कहा, “अगर ‘भागम भाग’ बन रही है तो गोविंदा को वापसी करनी चाहिए थी।”
कुछ फैंस ने यहां तक कह दिया कि गोविंदा के बिना फिल्म बनाना ही नहीं चाहिए। एक कमेंट में लिखा गया, “गोविंदा के बिना ‘Bhagam Bhag 2’ का कोई मतलब नहीं है।”
एक और यूजर ने लिखा, “माफ करना, लेकिन मनोज बाजपेयी गोविंदा जैसी कॉमेडी नहीं कर सकते।”
बता दें कि ‘Bhagam Bhag’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था और इसे नीरज वोरा ने लिखा था। फिल्म में अक्षय कुमार, गोविंदा और परेश रावल के साथ लारा दत्ता, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ, अरबाज़ खान, शक्ति कपूर, मनोज जोशी, रजाक खान और असरानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘Bhagam Bhag 2’ का निर्देशन राज शादिल्या करेंगे। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ मीनाक्षी चौधरी नजर आएंगी। अगर ये खबरें सही साबित होती हैं, तो मनोज बाजपेयी इस सीक्वल में गोविंदा की जगह लेते हुए दिखाई देंगे।
मेकर्स की तरफ से अभी तक इस कास्टिंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फैंस अब बेसब्री से फिल्म से जुड़ी आगे की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।