नयी दिल्ली, 13 दिसंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को तिरुवनंतपुरम नगर निगम चुनावों में राजग की शानदार जीत की सराहना करते हुए इसे ‘बेहद उत्साहजनक’ बताया और कहा कि यह एक ‘‘युग-प्रवर्तक बदलाव’’ है जिसका प्रभाव न केवल केरल की राजनीति में बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी पड़ेगा।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को शिकस्त देकर तिरुवनंतपुरम नगर निगम पर लगातार 45 वर्षों के वामपंथी शासन का अंत कर दिया।
तिरुवनंतपुरम नगर निगम के 101 वार्ड में से भाजपा को 50 में, एलडीएफ को 29 में, संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ)को 19 में और दो निर्दलीय को जीत मिली है। भाजपा सदन में बहुमत हासिल करने से महज एक वार्ड दूर है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने चुनाव परिणामों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में निगम चुनावों में भाजपा नीत राजग को बहुमत मिलने के साथ यह एक बेहद उत्साहजनक और अभूतपूर्व दिन है।’’
भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘चुनाव के परिणाम केरल की राजनीति के लिए युग प्रवर्तक बदलाव वाला है और राष्ट्रीय राजनीति पर इसके दूरगामी प्रभाव होंगे।’’
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम इस बात का भी संकेत हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा मजबूत हो रही है और अपने ‘‘भौगोलिक विस्तार’’ में ‘‘नयी ऊंचाइयों’’ को छू रही है।
त्रिवेदी ने कहा कि परिणाम दर्शाते हैं कि केरल में लोगों ने कांग्रेस और वामपंथी दलों की राजनीति को खारिज कर दिया है, क्योंकि वे समझ गए हैं कि दोनों पक्ष राज्य में ‘दोस्ताना लड़ाई’ में संलग्न हैं और दिल्ली में केवल उन्हें ‘धोखा देने’ के लिए हाथ मिलाते हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, ‘‘मैं कह सकता हूं कि भगवान के अपने देश केरल में, भगवान की कृपा भाजपा और राजग पर बरसने लगी है।’’
भाषा धीरज माधव
माधव