मांड्या (कर्नाटक), 10 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मांड्या जिले के मद्दुर कस्बे में बुधवार को भगवान गणेश की एक विशाल शोभा यात्रा निकाली। यह शोभायात्रा सात सितंबर को प्रतिमा विसर्जन से जुड़ी शोभायात्रा पर हुए पथराव और दंगे के विरोध में शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित की गई थी।
पार्टी ने शहर के मध्य से होकर गुजरे एक सजे-धजे खुले ट्रक पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक और विधान परिषद में नेत प्रतिपक्ष चलवडी नारायणस्वामी, मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री, सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं समेत हिंदुत्व की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा में भाग लिया।
शोभायात्रा मद्दुर के पीट स्ट्रीट से होकर गुजरी, जहां रविवार को पथराव हुआ था।
विजयेंद्र ने जनसभा को संबोधित करते हुए मांग की कि मद्दुर की घटना की न्यायिक जांच होनी चाहिए ताकि पुलिस की नाकामी और खामियां सामने आ सकें।
उन्होंने मांड्या जिले के प्रभारी मंत्री एन. चेलुवरायस्वामी की 'आपत्तिजनक' टिप्पणियों की आलोचना की और मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर भी कड़ी आपत्ति जताई कि भाजपा सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा, “जब एक मस्जिद के अंदर पत्थर जमा किए जा रहे थे और साजिशें रची जा रही थीं, तब उन्हें (सरकार को) जाग जाना चाहिए था। अब वे हम पर आरोप लगा रहे हैं और हिंदुओं को निशाना बना रहे हैं। चाहे मुख्यमंत्री इसे राजनीति कहें या कुछ और, हम अपना कर्तव्य निभाएंगे।’’
उन्होंने कहा कि सरकार को उन राष्ट्र-विरोधी तत्वों के खिलाफ गुंडा एक्ट लगाना चाहिए, जिन्होंने मस्जिद के अंदर पत्थर जमा किए और हिंसा फैलाई।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विजयेंद्र ने कहा कि यह हिंसा रोकने के लिए कदम उठाने में उसकी विफलता का सीधा परिणाम है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि मुख्यमंत्री और गृह मंत्री को मद्दुर का दौरा करना चाहिए।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष