Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

अगले पांच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की होगी नियुक्ति : सम्राट चौधरी

पटना, 22 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य में अगले पांच वर्षों के दौरान एक लाख शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

यह निर्णय पटना में आयोजित उच्च स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसका उद्देश्य राज्य के सभी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगले पांच वर्षों में हर वर्ष कम से कम 20 हजार शिक्षकों की नियुक्ति की दर से कुल एक लाख शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि नियुक्तियों से संबंधित विज्ञापन प्रत्येक वर्ष जुलाई महीने में जारी किए जाएंगे।

चौधरी ने कहा कि शिक्षा विभाग को यह सुनिश्चित करने के लिए एक नीति बनाने का निर्देश दिया गया है कि महिला शिक्षकों का तबादला उनके घर के निकटवर्ती पंचायत में और पुरुष शिक्षकों का तबादला उनके घर के निकटवर्ती प्रखंड में किया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य के स्कूलों में विद्यार्थियों को वर्दी की आपूर्ति ‘जीविका’ के माध्यम से की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे समय पर वर्दी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी और महिलाओं की आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि सरकार का यह निर्णय राज्य में शिक्षण पद के इच्छुक उम्मीदवारों द्वारा बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) की अधिसूचना में देरी को लेकर हो रहे लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच आया है।

भाषा कैलाश

गोला

गोला