जयपुर, 22 मई (भाषा) पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से बेहाल राजस्थान के अनेक इलाकों में शुक्रवार से धूल भरी आंधी एवं तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इससे तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
हालांकि शुक्रवार को चित्तौड़गढ़ राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने बताया कि फलोदी, बीकानेर और चूरू में भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया जबकि पिलानी और बाड़मेर में यह 43.5 डिग्री और गंगानगर में 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इसी तरह कोटा में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 43.2 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर में 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री एवं राज्य की राजधानी जयपुर में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार, राज्य के अधिकतर भागों में आगामी एक सप्ताह के दौरान मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
हालांकि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी एवं उत्तरी भागों में 22-23 मई को दोपहर बाद बादल गरजने एवं कहीं-कहीं 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है।
तेज धूल भरी हवाओं के प्रभाव से तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है।
साथ ही 24 मई से तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने और राज्य के कुछ भागों में 'उष्ण लहर' एवं कहीं-कहीं तीव्र 'उष्णलहर' चलने का अनुमान है।
भाषा पृथ्वी राजकुमार
राजकुमार