नोएडा (उप्र), 22 मई (भाषा) नोएडा में एक्सप्रेसवे थानाक्षेत्र के सेक्टर 135 में एक महिला ने कथित रूप से ऊंचाई से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुक्रवार शाम में पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 135 की एक सोसाइटी में लिली टंडन ने 14 वें मंजिल के फ्लैट से छलांग लगा दी और उसकी मौत हो गयी।
प्रवक्ता के अनुसार लिली अपने एक रिश्तेदार के पास रहने के लिए इस फ्लैट में आयी थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि कुछ समय पहले महिला का अपने पति से तलाक हो गया था तथा वह पति से अलग होकर दिल्ली में अपने घर में रहती थी।
प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर 135 की इस सोसाइटी में लिली के एक रिश्तेदार का फ्लैट था, जिसकी चाबी महिला के पास भी रहती थी। वह अक्सर यहां पर भी आकर रहती थी। घटना के समय घर पर लिली अकेली थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं राजकुमार
राजकुमार