Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

ऊर्जा संकट पर दलीय राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाया जाए : कमल हासन

चेन्नई, 22 मई (भाषा) मक्कल नीधि मय्यम (एमएनएम) के अध्यक्ष कमल हासन ने वैश्विक भू-राजनीतिक संघर्षों के कारण उत्पन्न ऊर्जा संकट से निपटने के लिए शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सभी मुख्यमंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन बुलाने का आग्रह किया।

हासन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट एक वीडियो संदेश में कहा कि अंतरराष्ट्रीय संघर्षों का प्रभाव कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से लेकर समुद्री व्यापार मार्गों तक पर हो रहा है और इससे आवश्यक वस्तुओं, घरेलू ऊर्जा और उर्वरक आदि की लागत बढ़ रही है।

हासन ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय संकट के समय हमारी प्रतिक्रिया दलीय राजनीति से ऊपर होनी चाहिए।’’ उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शब्दों को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘सरकारें आती-जाती रहेंगी, लेकिन राष्ट्र बना रहेगा।’’

अभिनय से राजनीति में आये हासन ने लोगों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करने के लिए दोहरी कार्य योजना का प्रस्ताव रखा, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता होगी।

उनके प्रस्तावों में ईंधन की कीमतों को कम करने के लिए राज्य सरकारों द्वारा पेट्रोल और डीजल पर लगाए जाने वाले मूल्य वर्धित कर (वैट) में कटौती करना और लोगों को निजी वाहनों से दूरी बनाने के लिए प्रोत्साहित करने की खातिर रेलगाड़ियों, मेट्रो और सार्वजनिक बसों के किराए में कटौती करना शामिल है।

भारत द्वारा सौर और पवन ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति के साथ-साथ पिछले दशक में कोयला गैसीकरण और परमाणु ऊर्जा में किए गए हालिया निवेशों को स्वीकार करते हुए, हासन ने कहा कि समायोजन का बोझ पूरी तरह से जनता पर नहीं पड़ना चाहिए।

भाषा धीरज अविनाश

अविनाश