बेंगलुरु, 22 मई (भाषा) बेंगलुरु के बाहरी इलाके में कर्नाटक-तमिलनाडु सीमा के पास स्थित अनेकल में केएचबी सूर्य स्पोर्ट्स विलेज में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास शनिवार को किया जाएगा।
राज्य सरकार के अनुसार, कर्नाटक हाउसिंग बोर्ड द्वारा विकसित किया जा रहा यह स्टेडियम क्षमता के लिहाज से देश का दूसरा सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम होगा।
अधिकारियों के मुताबिक इस प्रस्तावित स्टेडियम में 80,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। फिलहाल नरेंद्र मोदी स्टेडियम देश का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार परियोजना की आधारशिला रखेंगे।
सूत्रों के मुताबिक कार्यक्रम में कई पूर्व क्रिकेटरों के शामिल होने की भी संभावना है। सरकार का कहना है कि नए स्टेडियम के निर्माण का उद्देश्य एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर निर्भरता कम करना है।
यह कदम चिन्नास्वामी स्टेडियम से जुड़े सुरक्षा संबंधी विवादों के बाद उठाया गया है। चार जून 2025 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत के जश्न के दौरान वहां मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। इसके बाद बड़े मुकाबलों को इस मैदान से हटाने की मांग तेज हो गई थी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता