Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

भारत और साइप्रस ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदला

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ शुक्रवार को व्यापक बातचीत की तथा इस दौरान भारत एवं साइप्रस ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदला और रक्षा सहयोग के लिए पांच साल की कार्ययोजना पेश की।

दोनों पक्षों ने नवाचार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्रों में गहन सहयोग करने के लिए छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए, साथ ही प्रवासन पर एक व्यापक साझेदारी को शीघ्र ही संपन्न करने पर सहमति व्यक्त की। अंतिम रूप दिए गए समझौतों में आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्यबल की स्थापना से संबंधित एक समझौता भी शामिल था।

दोनों नेताओं के बीच हुई वार्ता मुख्य रूप से व्यापार एवं निवेश, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, शिक्षा और भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे के कार्यान्वयन में संबंधों को बढ़ावा देने पर केंद्रित थी।

मीडिया को जारी बयान में प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि रणनीतिक साझेदारी से वाणिज्यिक पूंजी का प्रवाह बढ़ेगा और साइप्रस के बुनियादी ढांचे, ऊर्जा और कृषि क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों के लिए नए रास्ते खुलेंगे, साथ ही भारत के तेजी से बढ़ते नौवहन और समुद्री उद्योगों में निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और साइप्रस के बीच संबंध समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं, और आज संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करने के निर्णय के साथ, हम अपने संबंधों को नयी गति प्रदान करने जा रहे हैं।’’

वार्ता के बाद, दोनों पक्षों ने साइबर सुरक्षा संवाद स्थापित करने की भी घोषणा की।

मोदी ने भारत-यूरोप संबंधों में आई मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि ये संबंध एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘साइप्रस न केवल वर्तमान में यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता कर रहा है, बल्कि भारत और पूरे यूरोप के बीच एक महत्वपूर्ण निवेश द्वार के रूप में भी उभर रहा है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘पिछले एक दशक में साइप्रस से भारत में निवेश लगभग दोगुना हुआ है। दोनों देशों के बीच विश्वास बढ़ा है और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते से अनेक नयी संभावनाएं बनी हैं।’’

उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने इसका लाभ उठाते हुए अगले पांच वर्ष में इस निवेश को फिर से दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

मोदी ने कहा, ‘‘और इस संकल्प को साकार करने के लिए आज हम अपने भरोसेमंद संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदल रहे हैं।’’

क्रिस्टोडौलाइड्स ने कहा कि भारत और साइप्रस ने बुनियादी ढांचे तथा नौवहन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक संयुक्त कार्यबल गठित करने का फैसला किया है।

क्रिस्टोडौलाइड्स ने भारत की अपनी तीन दिवसीय यात्रा बुधवार को शुरू की थी।

साइप्रस के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘बढ़ती भूराजनीतिक अनिश्चितता के इस दौर में यूरोपीय संघ और भारत के बीच साझेदारी को और भी मजबूत होना चाहिए। यूरोपीय संघ और भारत, जो दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, मिलकर न केवल अपने क्षेत्रों के लिए, बल्कि वैश्विक स्थिरता एवं समृद्धि के लिए भी निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हमने साइबर सुरक्षा, समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद-रोधी गतिविधियों में सहयोग को और मजबूत करने का भी निर्णय लिया है।’’

मोदी ने कहा कि साइप्रस में रह रहे भारतीय पेशेवर और छात्र दोनों पक्षों के बीच संबंधों को मजबूत कर रहे हैं।

इस बीच, एक प्रेसवार्ता में विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा कि यूपीआई 2027 से साइप्रस में चालू हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि साइप्रस ने मुंबई में एक व्यापार कार्यालय खोलने का भी निर्णय लिया है।

भाषा शफीक रंजन

रंजन