Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

तमिलनाडु मंत्रिमंडल विस्तार: शाहजहां, वन्नी अरासु ने मंत्री पद की शपथ ली

(फोटो के साथ)

चेन्नई, 22 मई (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया पूरी करते हुए दो और विधायकों को शामिल किया, जिनमें वीसीके के एक दलित विधायक और आईयूएमएल के एक नेता शामिल हैं। इसके साथ ही, अब यह एक ऐसा मंत्रिमंडल बन गया है जिसमें ब्राह्मण भी शामिल हैं।

राज्य की गठबंधन सरकार को पहले से ही कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधित्व और वामपंथी दलों का समर्थन प्राप्त है।

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक ए एम शाहजहां और विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) के वरिष्ठ नेता वन्नी अरासु को शुक्रवार को यहां लोक भवन में आयोजित एक समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मंत्री पद की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री विजय और अन्य लोग इस समारोह में शामिल हुए।

विजय के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में इन दो विधायकों के शामिल होने से मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 35 हो गई है, जो संविधान के तहत अधिकतम स्वीकृत सीमा है।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के लंबे समय से सहयोगी रहे वीसीके और आईयूएमएल ने तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को सरकार गठन में तब समर्थन दिया था जब उसके पास सरकार बनाने के लिए आवश्यक संख्या बल नहीं था।

अन्नाद्रमुक के बागी नेता एसपी वेलुमणि ने इस बात का खंडन किया कि उन्होंने टीवीके सरकार का समर्थन किसी मंत्री पद की उम्मीद में किया और कहा कि उन्होंने जनता के जनादेश का सम्मान करने के लिए इसका समर्थन किया।

वीसीके और आईयूएमएल विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने को लेकर द्रमुक के वरिष्ठ नेता ने दोनों पार्टियों पर निशाना साधा।

द्रमुक के उप महासचिव राजा ने टीवीके मंत्रिमंडल में शामिल होने वाली दोनों पार्टियों की तुलना ‘‘पड़ोसी की ओर झुकने वाले नारियल के पेड़’’ से करते हुए पूछा, ‘‘उन लोगों को क्या नाम दिया जाना चाहिए जो नारियल के उस पेड़ की तरह दूसरों को लाभ पहुंचाने की कोशिश करते हैं जो झुककर पड़ोसी को नारियल देता है?’’

वन्नी अरासु ने पत्रकारों से कहा कि मंत्री पद ग्रहण करना उनके लिए एक बड़ा‘‘सपना सच होने’’ जैसा क्षण था।

विजय ने आठ दलित मंत्रियों - डी लोकेश तमिलसेल्वन, वन्नी अरासु, राजमोहन, एस कमाली, पी मथन राजा, के थेन्नारासु, वी गांधीराज और पी विश्वनाथन को नियुक्त किया है। मंत्रिमंडल में दो ब्राह्मण को भी शामिल किया गया।

पापनासम विधानसभा क्षेत्र से विजयी हुए शाहजहां और तिंडिवनम क्षेत्र से विजयी हुए वन्नी अरासु ने यहां लोकभवन में मुख्यमंत्री सी. जोसफ विजय की उपस्थिति में पद और गोपनीयता की शपथ ली।

पदभार ग्रहण करने के बाद, विजय ने सचिवालय परिसर का निरीक्षण किया और परिसर में स्थित ब्रिटिश काल के चर्च में गये।

शपथ ग्रहण से पहले वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन ने कहा कि उनकी पार्टी के अधिकतर सदस्यों का मानना ​​है कि वीसीके को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाना चाहिए। उनकी पार्टी तमिलनाडु में गठबंधन शासन प्रणाली की वकालत करने वाली पहली पार्टी थी।

आईयूएमएल नेता शाहजहां (57) ने तिरुचिरापल्ली के जमाल मोहम्मद कॉलेज से विज्ञान स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वह तंजावुर जिले के थिरुमंगलकुडी के निवासी हैं।

विधानसभा में विश्वास मत के दौरान आईयूएमएल ने भले ही टीवीके सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया था लेकिन मुख्यमंत्री विजय ने पार्टी को मंत्रिमंडल में जगह देने की पेशकश की।

तमिलनाडु में पहली बार अनुसूचित जाति के आठ विधायकों को मंत्री बनाया गया है।

मंत्रिमंडल में दो ब्राह्मण मंत्री पी वेंकटरामन और एस रमेश भी शामिल हैं। चार महिला मंत्री हैं: एस कमाली, एस कीर्तना, सी विजयलक्ष्मी और के जगदीश्वरी।

टीवीके सरकार में शामिल कांग्रेस के दो मंत्री (राजेश कुमार और पी. विश्वनाथन) हैं। कांग्रेस की तरह ही, अन्य गठबंधन दलों ने भी 23 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में द्रमुक के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था।

मंत्रिमंडल की औसत आयु अपेक्षाकृत कम है क्योंकि 11 से अधिक मंत्री 40 वर्ष से कम आयु के हैं, जबकि दो महिला मंत्री - कीर्तना और कमाली 30 वर्ष से कम उम्र की हैं। रमेश की उम्र 31 वर्ष है।

शपथ ग्रहण के बाद शाहजहां ने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं वाकई बहुत खुश हूं। यह आईयूएमएल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। हमने अतीत में कई चुनाव लड़े हैं, लेकिन यह पहली बार है कि आईयूएमएल तमिलनाडु में मंत्रिमंडल में शामिल हुई है।’’

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश