नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) भाषा की विभिन्न फाइल से शुक्रवार रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार है:
दि9 : कांग्रेस नीट
नीट मामला दबाने के लिए प्रधानमंत्री और शिक्षा मंत्री को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक अभिषेक सिंह द्वारा संसद की एक समिति के समक्ष की गई टिप्पणी को लेकर शुक्रवार को कहा कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी में हुई 'धांधली' को दबाने का प्रयास हो रहा है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
दि40: मोदी साइप्रस
भारत और साइप्रस ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदला
नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स के साथ शुक्रवार को व्यापक बातचीत की तथा इस दौरान भारत एवं साइप्रस ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी में बदला और बुनियादी ढांचे एवं नौवहन जैसे क्षेत्रों में गहरे सहयोग को सुगम बनाने के लिए एक संयुक्त कार्यबल गठित किया।
प्रादे136: मप्र अदालत त्विषा पति आत्मसमर्पण
त्विषा शर्मा का पति समर्थ सिंह आत्मसमर्पण के लिए जबलपुर जिला न्यायालय पहुंचा
जबलपुर, दहेज के लिए कथित तौर पर प्रताड़ित की गई और भोपाल में अपने ससुराल में पिछले सप्ताह मृत पाई गई त्विषा शर्मा का पति समर्थ सिंह शुक्रवार पूर्वाह्न जबलपुर जिला न्यायालय में आत्मसमर्पण करने पहुंचा। समर्थ सिंह के वकील मृगेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी।
दि98: शाह बीएसएफ लीड सीमा
घुसपैठ रोकने के लिए पाकिस्तान, बांग्लादेश की सीमाओं पर ‘स्मार्ट बॉर्डर’ परियोजना शुरू होगी: शाह
नयी दिल्ली, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार अगले साल “स्मार्ट बॉर्डर” परियोजना शुरू करेगी ताकि पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ 6,000 किलोमीटर लंबी सीमा को अभेद्य बनाया जा सके और इन क्षेत्रों की जनसांख्यिकी को बदलने की साजिश विफल की जा सके।
दि110: न्यायालय दिल्ली तीसरी लीड दंगे
दिल्ली दंगे: न्यायालय ने उमर व इमाम को जमानत नहीं देने को सही करार दिया, दो अन्य को अंतरिम राहत
नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली दंगों के दो आरोपियों अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को शुक्रवार को अंतरिम जमानत दे दी। इसके साथ ही न्यायालय ने इस साल की शुरुआत में कार्यकर्ताओं उमर खालिद और शरजील इमाम को जमानत देने से इनकार करने को उचित ठहराते हुए कहा कि ऐसा अनुच्छेद 21 को गौण मानते हुए नहीं, बल्कि उनकी भूमिका और आरोपी-आधारित आकलन के आधार पर किया गया था।
दि100: सीबीआई नीट गिरफ्तार
सीबीआई ने नीट-यूजी का भौतिकी का प्रश्नपत्र ‘लीक’ करने पर पुणे की प्रवक्ता मनीषा को गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वर्ष 2026 के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के भौतिकी के प्रश्नपत्र को लीक करके चुनिंदा अभ्यर्थियों को देने के आरोप में पुणे निवासी एक महिला प्रवक्ता को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
प्रादे165: बंगाल प.एशिया सलाइन कमी
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच बंगाल के अस्पतालों में सलाइन की कमी
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य विभाग ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण अस्पतालों में सलाइन, कई आवश्यक दवाओं और चिकित्सा सामग्री की कमी की चेतावनी देते हुए एक परिपत्र जारी किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दि88: सीजेपी अभियान प्रधान
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अभियान शुरू किया
नयी दिल्ली, भारत में अपने मूल ‘एक्स’ खाते को प्रतिबंधित किए जाने के बाद “कॉकरोच मरता नहीं है” टैगलाइन के साथ वापसी करते हुए, व्यंग्यात्मक सोशल मीडिया अकाउंट “कॉकरोच जनता पार्टी” (सीजेपी) ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक अभियान शुरू किया।
प्रादे163: मप्र लीड भोजशाला
उच्च न्यायालय के फैसले के बाद पहले शुक्रवार को भोजशाला में 'महा आरती' हुई
धार, मध्यप्रदेश के धार में भोजशाला परिसर को उच्च न्यायालय द्वारा मंदिर घोषित किए जाने के एक सप्ताह बाद शुक्रवार को सैकड़ों हिंदू श्रद्धालुओं ने वहां ‘महा आरती’ में भाग लिया, जबकि मुसलमानों ने इस फैसले के विरोध में काली पट्टी बांधकर अपने घरों में नमाज अदा की।
वि23: पाकिस्तान ईरान मुनीर
पाकिस्तान के सेना प्रमुख मुनीर अमेरिका-ईरान युद्ध समाप्त कराने की कोशिशों के बीच तेहरान रवाना
इस्लामाबाद, पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को तेहरान की यात्रा पर रवाना हुए। सुरक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी।
अर्थ44: लीड आरबीआई लाभांश
आरबीआई 2025-26 के लिए सरकार को देगा रिकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपये का लाभांश
मुंबई, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए केंद्र सरकार को रिकॉर्ड 2.87 लाख करोड़ रुपये का लाभांश देने की घोषणा की। इस फैसले से पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण बढ़ते आयात बिल और आपूर्ति शृंखला में व्यवधान के बीच सरकारी खजाने को मजबूत सहारा मिलेगा।
अर्थ66: लीड रुपया
रुपया 76 पैसे मजबूत होकर 95.60 प्रति डॉलर पर बंद
मुंबई, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी आई और डॉलर के मुकाबले यह 76 पैसे मजबूत होकर 95.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों के घटने और भारतीय रिजर्व बैंक के संभावित हस्तक्षेप से रुपये में यह मजबूती आई है।
खेल20: खेल भारत शंकर संन्यास
विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास लिया
नयी दिल्ली, भारतीय हरफनमौला विजय शंकर ने घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से शुक्रवार को संन्यास की घोषणा करते हुए कहा कि वह ‘क्रिकेट खेलना’ जारी रखने के लिए ‘नए अवसरों की तलाश’ करेंगे।
खेल25: खेल टेनिस एटीपी भारत
जेनेवा ओपन: भांबरी और वीनस की जोड़ी पुरुष युगल के फाइनल में पहुंची
जेनेवा, भारतीय टेनिस खिलाड़ी युकी भांबरी ने न्यूजीलैंड के अपने जोड़ीदार माइकल वीनस के साथ शुक्रवार को जिनेवा ओपन के पुरुष युगल सेमीफाइनल में चेक गणराज्य की पेत्र रिक्ल और एडम पावलासेक की जोड़ी को सीधे सेटों में हराकर इस सत्र का अपना पहला एटीपी फाइनल सुनिश्चित किया।
भाषा राखी नरेश
नरेश