चंडीगढ़, 22 मई (भाषा) पंजाब में शुक्रवार को कई इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरने से चिलचिलाती गर्मी से निवासियों को थोड़ी राहत मिली।
फागवाड़ा और होशियारपुर जैसे इलाकों में सुबह हुई हल्की बारिश से भीषण गर्मी से राहत मिली। जालंधर और पठानकोट में भी हल्की बूंदाबांदी हुई।
यहां के मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पठानकोट में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, होशियारपुर में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस, फिरोजपुर में 39.9 डिग्री सेल्सियस और मोहाली में 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि, बठिंडा में चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप जारी रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पटियाला और लुधियाना में अधिकतम तापमान क्रमशः 42.3 डिग्री और 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप जारी रहा।
राज्य में रोहतक सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश