चंद्रपुर, 22 मई (भाषा) महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में शुक्रवार सुबह बाघ के हमले में चार महिलाओं की मौत हो गई। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही गांव के पास जंगल के ‘‘कंपार्टमेंट 1836’’ के अंतर्गत हुई। उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि महिलाओं पर हमला एक बाघ ने किया या बाघों की संख्या एक से अधिक थी।
उन्होंने बताया कि महिलाओं का एक समूह तेंदू पत्ते एकत्र करने के लिए जंगल गया था, जिनका उपयोग मुख्य रूप से बीड़ी बनाने में किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि जब वे पत्ते इकट्ठा करने में व्यस्त थीं, तभी एक बाघ ने चार महिलाओं की जान ले ली।
मृतकों की पहचान कावादाबाई मोहुरले (45), अनीताबाई मोहुरले (40), सुनीता मोहुरले (38) और संगीता चौधरी (50) के रूप में हुई है। ये सभी गुंजेवाही की थीं।
उन्होंने बताया कि बाघों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 30 कैमरा ‘ट्रैप’ और तीन लाइव कैमरे लगाए गए हैं तथा गश्त तेज कर दी गई है।
मुख्य वन संरक्षक (चंद्रपुर सर्कल) आर. एम. रामानुजन ने बताया कि सूचना मिलते ही वन अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची।
एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल इलाके में तेंदू पत्ते एकत्र करने पर रोक लगा दी गयी है।
उप वन संरक्षक कुमारस्वामी एस आर के नेतृत्व में वन विभाग की एक टीम ने पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया।
अधिकारी ने बताया, 'शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिंदेवाही ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को 25,000-25,000 रुपये मुआवजा दिया गया है।'
भाषा
शुभम अविनाश
अविनाश