(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 22 मई (भाषा) पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार को तेहरान की यात्रा पर रवाना हुए। सुरक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी।
मुनीर की यह यात्रा अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति समझौते की कोशिशों के बीच हो रही है जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख की गत एक महीने में यह दूसरी ईरान यात्रा है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्री मोहसिन नकवी बुधवार से ईरान में हैं और शीर्ष ईरानी नेतृत्व के साथ की गई वार्ता में प्रगति की खबरों के बाद सेना प्रमुख तेहरान रवाना हुए।
नकवी ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ गत एक सप्ताह में दो बार बात की है।
सूत्रों ने बताया कि फील्ड मार्शल मुनीर तेहरान यात्रा के दौरान प्रमुख ईरानी नेताओं से मुलाकात करेंगे और ईरान-अमेरिका वार्ता, क्षेत्र में शांति और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
ईरान के सरकारी समाचार चैनल प्रेस टीवी ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ के हवाले से बताया कि फील्ड मार्शल मुनीर ईरानी अधिकारियों के साथ बातचीत करने के लिए तेहरान आ रहे हैं।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख की यह यात्रा विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी के उस बयान के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान से ईरान जाने वाले एक ‘‘उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल’’ की खबरों की ‘‘न तो पुष्टि की और न ही खंडन’’ किया था।
भाषा धीरज नरेश
नरेश
नरेश