Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

ओडिशा पुलिस ने 9.6 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में दो और लोगों को गिरफ्तार किया

भुवनेश्वर, 22 मई (भाषा) ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार को 9.6 करोड़ रुपये के बैंक धोखाधड़ी मामले में संलिप्तता के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने बताया कि ये नयी गिरफ्तारियां बृहस्पतिवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में की गईं और आरोपियों को शुक्रवार को 'ट्रांजिट रिमांड' पर ओडिशा लाया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान सुरजीत रॉय और समीर श्रीवास्तव के रूप में हुई है।

सार्वजनिक क्षेत्र के एक बैंक की बारीपदा शाखा के मुख्य प्रबंधक द्वारा दर्ज पुलिस मामले के आधार पर गिरफ्तारियां की गईं।

पुलिस के अनुसार, जालसाजों ने जाली चेक दिखाकर मयूरभंज स्थित जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) ट्रस्ट के बैंक खाते से धनराशि निकाली।

अधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से हस्तांतरित राशि में से 5.04 करोड़ रुपये अवरुद्ध कर दिए गए हैं और 33 खातों में जमा 13.56 लाख रुपये का लेनदेन रोक दिया गया हैं।

रॉय और श्रीवास्तव क्रमशः रॉय एसोसिएट्स और एसएस ट्रेडर्स के मालिक/हस्ताक्षरकर्ता पाए गए।

कुल 45.19 लाख रुपये रॉय की कंपनी के बैंक खाते में और 39.19 लाख रुपये श्रीवास्तव की कंपनी के खाते में हस्तांतरित किए गए।

जांच के दौरान, ईओडब्ल्यू को पता चला कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्ति छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में फैले एक जटिल नेटवर्क वाले एक बड़े गिरोह के सदस्य हैं।

अधिकारियों ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के बाद, ईओडब्ल्यू को पूरे गिरोह के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

उन्होंने बताया कि ये लोग पिछले चार वर्षों से इस तरह के घोटालों में लिप्त हैं।

इससे पहले, धोखाधड़ी के मामले में पोमेश तेम्भारे, घनश्याम आहूजा, अजमीर मंडल और ब्रजेश मिश्रा सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

भाषा

राखी नरेश

नरेश