Breaking News

MP: ट्विशा की मौत केस में आरोपी पति समर्थ को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लिया     |   पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की पीएम मोदी संग 45 तक चली मुलाकात     |   ट्विशा शर्मा केस: सास गिरिबाला की जमानत रद्द करने की याचिका पर 25 मई को सुनवाई     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 8.09 अरब डॉलर घटकर 688.89 अरब डॉलर रह गया: RBI     |   मध्य प्रदेश: ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने जबलपुर जिला कोर्ट में सरेंडर किया     |  

पंजाब में सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुले रहेंगे

(तस्वीर सहित)

चंडीगढ़, 22 मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों के लिए संशोधित कार्य समय की घोषणा की।

नए कार्यक्रम के तहत, कार्य समय मौजूदा सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे के बजाय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक कर दिया गया है। यह बदलाव राज्य के सभी स्कूलों और कॉलेजों पर लागू होगा।

सूत्रों के अनुसार, नए कार्यक्रम के बाद सरकारी कार्यालयों में दोपहर का भोजन अवकाश नहीं होगा।

मान ने बताया कि ये संशोधित समय 25 मई से प्रभावी होंगे और अगले आदेश तक लागू रहेंगे।

मुख्यमंत्री के हवाले से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि नए समय का नियम पंजाब सरकार के सभी कार्यालयों के साथ-साथ स्कूलों और कॉलेजों पर भी लागू होगा।

मान ने कहा, “यह निर्णय आम जनता की सुविधा के लिए लिया गया है ताकि वे भीषण गर्मी में भी सरकारी कार्यालयों में अपना काम आसानी से निपटा सकें। सभी हितधारकों से उचित परामर्श के बाद यह निर्णय लिया गया है ताकि सभी के कल्याण को सुनिश्चित किया जा सके।”

उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब राज्य विद्युत निगम लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के आंकड़ों से पता चलता है कि बिजली की अधिकतम मांग दोपहर एक बजे के बाद शुरू होती है.. इसलिए, नए कार्यालय समय से बिजली की खपत कम करने और बिजली के बुनियादी ढांचे पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के संशोधित समय के कारण कर्मचारी अपने बच्चों के साथ अधिक समय बिता सकेंगे, क्योंकि बच्चे भी लगभग उसी समय घर लौटेंगे।

उन्होंने कहा, 'यह निर्णय पंजाब सरकार के जन-केंद्रित दृष्टिकोण और नागरिकों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।'

पंजाब के कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।

भाषा राखी रंजन

रंजन