Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

अय्यर के अर्धशतक से पंजाब किंग्स ने चेन्नई को पांच विकेट से हराया

चेन्नई, तीन अप्रैल (भाषा) कप्तान श्रेयस अय्यर के शानदार और संतुलित अर्धशतक की मदद से पंजाब किंग्स ने आईपीएल के मैच में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हराया ।

श्रेयस ने 29 गेंद में 50 रन बनाये और निहाल वढेरा के साथ चौथे विकेट के लिये 59 रन की अहम साझेदारी की । पंजाब ने 210 रन का लक्ष्य आठ गेंद बाकी रहते पांच विकेट खोकर हासिल करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की जबकि चेन्नई की यह लगातार दूसरी हार थी ।

पंजाब के शीर्षक्रम के बल्लेबाजों ने विशाल लक्ष्य के बावजूद संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरूआत दी । प्रियांश आर्य ने 11 गेंद में 39 , प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंद में 43 और कूपर कोनोली ने 22 गेंद में 36 रन बनाये ।

आर्य ने चेन्नई के गेंदबाजों को दबाव में ला दिया । खलील अहमद को उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया जबकि मैट हेनरी को उनके पहले ही ओवर में दो चौके और एक छक्का लगाकर 20 रन निकाले ।

आर्य और प्रभसिमरन ने सिर्फ 4 . 2 ओवर में 61 रन की साझेदारी की । वहीं कप्तान श्रेयस ने धीमी शुरूआत करने के बाद हाथ खोलने शुरू किये । उन्होंने स्पिनरों की जमकर धुनाई की और लेग स्पिनर राहुल चाहर को शानदार छक्का लगाया ।

श्रेयस ने अंशुल कम्बोज को चौका लगाकर 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया लेकिन इसी गेंदबाज की गेंद पर विकेट गंवा बैठे ।

अगले ओवर में हेनरी ने वढेरा को पवेलियन भेजा लेकिन तब तक पंजाब की जीत औपचारिकता मात्र बची थी ।

इससे पहले आयुष म्हात्रे के 43 गेंद में 73 रन की मदद से चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर पांच विकेट पर 209 रन बनाये ।

संजू सैमसन (सात) के जल्दी आउट होने के बाद म्हात्रे ने कप्तान रूतुराज गायकवाड़ (28) के साथ दूसरे विकेट के लिये 96 रन की साझेदारी की ।

सैमसन ने जेवियर बार्टलेट की आउटस्विंगर पर कवर में शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन विकेट के पीछे प्रभसिमरन सिंह को कैच दे बैठे । इसके बाद हालांकि म्हात्रे ने बार्टलेट को लगातार तीन चौके लगाये और पावरप्ले में चेन्नई को एक विकेट पर 57 रन तक पहुंचाया ।

इससे पहले शॉर्टपिच गेंदों पर असहज महसूस कर रहे म्हात्रे आत्मविश्वास से ओतप्रोत दिखे और मुंबई के इस युवा बल्लेबाज ने मार्को यानसेन को छक्का लगाया ।

इसके बाद मार्कस स्टोइनिस को लगातार दो छक्के लगाये और 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया ।

लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपने से 17 साल छोटे इस बल्लेबाज को लगातार गुगली डालकर फांसने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली । म्हात्रे को 59 के स्कोर पर विजयकुमार विशाख ने और 67 के स्कोर पर शशांक सिंह ने डीप में जीवनदान दिया ।

वह विशाख की गेंद पर खराब शॉट खेलकर शॉर्ट थर्डमैन में चहल को कैच देकर लौटे ।

इस बीच गायकवाड़ को भी चहल ने आउट किया । चेन्नई ने दसवें से 15वें ओवर के बीच सिर्फ 45 रन बनाये ।

सरफराज खान ने 12 गेंद में 32 रन बनाकर रनगति तेज करने की कोशिश की। उन्होंने अर्शदीप सिंह और विशाख को लगातार तीन तीन चौके लगाये लेकिन विशाख की ही गेंद पर निहाल वढेरा को कैच देकर पवेलियन लौटे ।

शिवम दुबे ने 27 गेंद में नाबाद 45 रन बनाये और चेन्नई ने आखिरी पांच ओवर में 64 रन बनाकर 200 का आंकड़ा पार किया ।

भाषा

मोना

मोना