नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) दिल्ली के सीमापुरी इलाके में शुक्रवार शाम एक घर में संदिग्ध सिलेंडर विस्फोट में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस घटना से कुछ घंटे पहले ही उसने एक नाबालिग लड़की को कथित तौर पर चाकू मार दिया था। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीमापुरी थाने में शाम 5:33 बजे एक पीसीआर कॉल पर सूचना दी गई कि पुरानी सीमापुरी की रविदास मंदिर वाली गली में एक लड़की को चाकू मारा गया है और वह गंभीर रूप से घायल हालात में बेहोश पड़ी है।
पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि घायल लड़की को पहले ही गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया जा चुका है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि डॉक्टरों के मुताबिक लड़की अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। पीड़ित लड़की के शरीर पर चाकू के कई घाव हैं और उसका उपचार जारी है।
उनके मुताबिक इस बाबत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया, “इसी बीच, एक अन्य संबंधित घटना में इसी थाने को न्यू सीमापुरी के एक घर में सिलेंडर विस्फोट की सूचना मिली। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि जतिन (24) नाम के युवक की विस्फोट से लगी आग में मौत हो गई है।”
अधिकारी ने कहा, “घटना के समय वह घर में अकेला था। उसे जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।”
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जतिन वही व्यक्ति था जिसने दिन में लड़की को चाकू मारा था।
पुलिस ने कहा, “हम घटनाओं के क्रम और हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं। टीम सभी संभावित पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।”
अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीमों ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सिलेंडर विस्फोट आकस्मिक था या जानबूझकर किया गया था।
भाषा नोमान प्रशांत
प्रशांत