नयी दिल्ली/चेन्नई, तीन अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 27 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिनमें 12 मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं।
कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए 27 पर्यवेक्षक भी घोषित किए, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एम.एम. पल्लम राजू, सांसद प्रणीति शिंदे, वर्षा गायकवाड़, नीरज डांगी और कई अन्य शामिल हैं।
पार्टी की वरिष्ठ नेता और सांसद ज्योति मणि ने उम्मीदवारों की पसंद पर आपत्ति व्यक्त की और पिछड़े समुदाय तथा महिलाओं को कम प्रतिनिधित्व को कांग्रेस के सामाजिक न्याय के सिद्धांत के खिलाफ बताया।
वहीं, तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागई ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अपने पद से हटने की घोषणा की है।
उन्हें श्रीपेरंबुदूर से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
प्रतिनिधित्व को लेकर पार्टी सदस्यों के एक वर्ग में असहमति के बीच, उन्होंने कहा कि वह केवल अपने निर्वाचन क्षेत्र श्रीपेरंबदूर के लोगों की सेवा करने में शामिल होंगे, जिस सीट का वह निवर्तमान विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं।
सेल्वापेरुन्थागई ने यह कहकर आश्चर्यचकित कर दिया कि वह चुनाव के बाद इस्तीफा दे देंगे और केवल अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों की सेवा पर ध्यान केंद्रित करेंगे।
पार्टी ने 12 मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट देने के फैसले की सराहना करते हुए ज्योति मणि ने कहा कि वह शेष निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की “हताशा और उथल-पुथल” को समझ सकती हैं।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में दावा किया, “उम्मीदवार पहले ही तय कर लिए गए और निर्वाचन क्षेत्र तदनुसार सुरक्षित कर लिए गए। यह दुखद है कि जो लोग लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में समर्पण के साथ काम कर रहे हैं, जिनके पास योग्यता, लोगों का प्रभाव और सफलता का मौका है, उन्हें एक अवसर से वंचित कर दिया गया है। जबकि कई ऐसे हैं जिन्होंने बीस या तीस साल तक काम किया है, कुछ लोग जो कुछ दिन या कुछ साल पहले बिना किसी क्षेत्र के अनुभव के पार्टी में शामिल हुए हैं, उन्हें मौका दिया गया है।”
पूर्व सांसद ए. चेल्ला कुमार कृष्णागिरी से चुनावी मैदान में उतारे गये हैं।
दुरई चन्द्रशेखर को पोन्नेरी (एससी) से टिकट दिया गया है, जबकि जे.एम.एच. आसन मौलाना को वेलाचेरी से और ए.एम. मुनीराथिनम को शोलिंगुर से फिर से मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस सत्तारूढ़ द्रमुक के साथ गठबंधन में तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों में से 28 पर चुनाव लड़ रही है।
राज्य की सभी सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान है। मतगणना चार मई को होगी।
भाषा हक
प्रशांत
प्रशांत