Breaking News

चंडीगढ़ में पंजाब BJP दफ्तर के बाहर हुए ब्लास्ट केस में दो संदिग्धों की पहचान हुई     |   तेलंगाना में 12 मार्च से अबतक अवैध रूप से जमा किए गए 3700 घरेलू LPG सिलेंडर जब्त     |   सुनेत्रा पवार 6 अप्रैल को बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी     |   ईरान की सेना ने जॉर्डन-कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन अटैक किए     |   ईरान की राजधानी तेहरान में धमाके की आवाज सुनी गई, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर     |  

मप्र : लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर वसूली के मामले में 15 लोग गिरफ्तार

खरगोन, तीन अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में उद्योगपति के घर पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह मामला 16 मार्च का है जब कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में उद्योगपति दिलीप राठौर के घर पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने गोलीबारी की। इस घटना के अगले दिन उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 करोड़ रुपये की मांग एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए की गई। कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया था और गोलीबारी का वीडियो भी भेजा था।

उन्होंने बताया कि इस मामले में राजपाल चंद्रावत सहित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से तीन कार, एक मोटरसाइकिल, चार पिस्तौल, 10 कारतूस, 10 मोबाइल फोन और 44 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि उज्जैन निवासी लोकेन्द्र पंवार और धार निवासी सचिन पाटीदार इस साजिश के मुख्य आरोपी हैं, जिनका उद्योगपति के साथ आर्थिक विवाद था।

खरगोन के पुलिस अधीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि इस मामले के खुलासे के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर की गई।

उन्होंने कहा कि इस मामले में गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के कुछ लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस सिलसिले में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। हैरी बॉक्सर के विदेश में होने की आशंका है।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

भाषा

सं, दिमो रवि कांत