गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में गौर चौक के पास स्थित एक बाजार में मंगलवार को भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया और इस दौरान एक सिलेंडर ब्लास्ट भी हुआ। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) राहुल कुमार ने बताया कि सुबह करीब 11:12 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद कोतवाली घंटाघर से पांच फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नोएडा, वैशाली और साहिबाबाद से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कुल मिलाकर करीब 10 फायर टेंडर ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम किया।
उन्होंने बताया कि बाजार के पास स्थित एक रिहायशी सोसाइटी की दूसरी मंजिल पर भी आग लग गई थी, जिसके बाद दो अलग-अलग टीमें बनाई गईं। एक टीम बाजार की आग बुझाने में जुटी, जबकि दूसरी टीम ने सोसाइटी में लगी आग पर काबू पाया। मौके के पास पेट्रोल पंप होने के कारण स्थिति और भी गंभीर मानी गई, जिसके चलते नोएडा के CFO को भी मौके पर बुलाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस आग में कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, सब्जी की दुकानें और एक जिम सहित कई प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सोसाइटी में लगी आग बाजार की आग से जुड़ी नहीं है और उसके कारणों की अलग से जांच की जा रही है। इस घटना में अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वहीं, एक अन्य घटना में नोएडा एक्सटेंशन के एक गोलचक्कर के पास आग लगने से लपटें पास की अजनारा सोसाइटी तक पहुंच गईं, जहां 18वीं मंजिल के एक फ्लैट में आग लग गई। दमकल विभाग की टीमें वहां भी आग बुझाने में जुटी हैं। इसके अलावा इटावा के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में ईदगाह तिराहा के पास एक कार मैकेनिक की दुकान में भी सोमवार को भीषण आग लग गई। दुकान में खड़े कई पुराने और मरम्मत के लिए आए वाहन जलकर खाक हो गए। हालांकि, इस घटना में भी किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।