पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत बीजेपी के प्रचार अभियान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कोलकाता के जोरासांको विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा, “यह वही धरती है जिसने देश को राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत दिया है, और यहां आकर मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है।” उन्होंने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के ‘ठाकुरबाड़ी’ का जिक्र करते हुए इसे महत्वपूर्ण धरोहर स्थल बताया।
इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जहां रवींद्रनाथ टैगोर या भारत माता की तस्वीर होनी चाहिए थी, वहां टीएमसी कार्यकर्ताओं ने जबरन कब्जा कर ‘ममता दीदी’ की तस्वीर लगा दी। उन्होंने इसे भारतीयता और बंगाल की पहचान का अपमान बताया।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहले चरण में 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा। मतगणना 4 मई को होगी। राज्य में इस बार सत्तारूढ़ टीएमसी, जो लगातार चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश में है, और बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। वहीं, कांग्रेस पिछली बार खाता भी नहीं खोल पाई थी, लेकिन इस बार मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में है।