पाकिस्तान ने वीजा ऑन अराइवल ( Visa On Arrival) की घोषणा कर दी है। हालांकि इसके बाद भी कितने लोग पाकिस्तान पहुंचेंगे, ये कहना कठिन है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि पाकिस्तान 'इस्लामाबाद वार्ता 2026' के सिलसिले में यात्रा कर रहे, भाग लेने वाले देशों के सभी प्रतिनिधियों-जिनमें पत्रकार भी शामिल हैं-का स्वागत करता है। इस संबंध में, सभी एयरलाइनों से अनुरोध है कि वे ऐसे सभी व्यक्तियों को बिना वीजा के विमान में सवार होने की अनुमति दें। पाकिस्तान के आव्रजन अधिकारी उन्हें 'वीजा ऑन अराइवल' जारी करेंगे।
अमेरिका और ईरान बुधवार को दो हफ्ते के लिए सशर्त युद्ध-विराम पर सहमत हो गए। इसके बाद, मतभेदों को सुलझाने और मौजूदा युद्ध-विराम को एक स्थायी शांति में तब्दील करने के लिए इस्लामाबाद में दोनों पक्षों के बीच बैठक होनी है। प्रस्तावित बातचीत से कुछ घंटे पहले, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि लेबनान पर इजराइल का हमला शुरुआती युद्ध-विराम का खुला उल्लंघन है और इससे बातचीत निरर्थक हो जाएगी।
पाकिस्तान ने अमेरिका से कहा कि वह पश्चिम एशिया संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर ईरान के साथ होने वाली बातचीत से पहले, दौरे पर आने वाले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को पूरी तरह सुरक्षित माहौल देगा। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी अमेरिकी दूतावास प्रभारी नैटली बेकर से बात कर रहे थे। बेकर ने आगामी बातचीत की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए उनसे मुलाकात की थी। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के भी पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन उसके आगमन का कोई समय घोषित नहीं किया गया है। वेंस के साथ स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर भी होंगे।