Breaking News

पश्चिम बंगाल: उत्तर हावड़ा में नारेबाजी पर बवाल, केंद्रीय बलों ने किया लाठीचार्ज     |   बंगाल के ठाकुरनगर में पीएम मोदी की रैली, बोले- पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया     |   दिल्ली: द्वारका में पुलिसकर्मी पर फायरिंग का आरोप - एक मजदूर की मौत, दूसरा घायल     |   ‘कला जगत को बड़ा नुकसान’, रघु राय के निधन पर ममता बनर्जी ने जताया दुख     |   'यह चुनाव भारत और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है', बंगाल में बोले केजरीवाल     |  

दिल्ली के करोल बाग में कई राउंड फायरिंग, आपसी रंजिश में युवक को मारी गोली

राजधानी दिल्ली के करोल बाग इलाके में गुरूवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई. ये घटना फैज रोड स्थित कलका दास चौक के पास रात करीब 2:30 बजे हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की. इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि सुबह 3:55 बजे लेडी हार्डिंग अस्पताल से एक एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) कॉल प्राप्त हुई थी. कॉल में जानकारी दी गई कि रोहित नामक युवक, जो आनंद पर्वत के थान सिंह नगर का निवासी है. उन्हें गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पुलिस के अनुसार. प्रारंभिक जांच में घटनास्थल का क्षेत्र थाना करोल बाग के अंतर्गत पाया गया है. घायल रोहित फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में है और उसने संदिग्ध हमलावरों के बारे में शुरुआती जानकारी पुलिस को दी है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि इस मामले में हत्या के प्रयास (अटेम्प्ट टू मर्डर) का केस दर्ज किया गया है. आगे की जांच जारी है.

रात में फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम व फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने शुरू किए. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से दो खाली कारतूस व एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है, जिससे ये संकेत मिलता है कि कम से कम तीन राउंड फायरिंग की गई है. घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही है.

घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है, जिसमें आपसी रंजिश, आपराधिक गतिविधि या अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखा जा रहा है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

स्थानीय लोगों के मुताबिक रात के समय अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया. गोलियां चलने की आवाज सुनकर सो रहे लोग जग गए. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जांच जारी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. शुरुआती तौर पर इसे टारगेटेड अटैक माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है.